कोयली खुटाहा पहुंचे पूर्णिया सांसद पानी में डूब कर मौत मामले में परिजनों को दिया 10-10 हजार रुपया नगद
मृतक के आश्रितों से मिलकर हुए भावुक कहा समाज के लिए हर समय रहूंगा खड़ा

सबौर/नवगछिया, हिटी। पूर्णिया के सांसद राकेश रंजन उर्फ पप्पू यादव शुक्रवार को गोराडीह प्रखंड अंतर्गत कोयली खुटाहा और खरीक प्रखंड के राघोपुर पहुंचे और बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर आर्थिक सहायता प्रदान की। कोयली खुटाहा में उन्होंने बाढ़ के पानी में डूबने से मौत मामले में पीड़ित परिजनों से मुलाकात की। यहां मुकेश शाह की पत्नी मंचो देवी दो पुत्र अभिषेक कुमार (9 वर्ष) अक्षय कुमार (8 वर्ष) और सोनाक्षी कुमारी (13 वर्ष) और कपिल देव शाह की 16 वर्षीय पुत्री अंशु प्रिया की मौत हो गई थी। उन्होंने पांचों मृतक के परिजन को 10- 10 हजार रुपया नगद दिया。
सांसद का राघोपुर दौरा
वहीं खरीक प्रखंड अंतर्गत राघोपुर गांव के वार्ड नंबर 8 और 9 का जायजा लिया। इस दौरान सांसद ने अपनी ओर से 100 से अधिक बाढ़ प्रभावित महिलाओं को नगद आर्थिक सहायता भी प्रदान की। इससे पहले उन्होंने गंगा नदी की बाढ़ में डूबने के बाद करीब 15 दिनों से लापता बादल मंडल के परिजनों को अपनी ओर से तत्काल 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी।
सरकार से मुआवजे की मांग
उन्होंने कहा कि पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेंद्र और ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल दोनों का घर-परिवार इसी बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में है। फिर भी बाद की इतनी दयनीय स्थिति है।
नाव के लिए सहायता की मांग
उन्होंने सिकंदर मंडल की नाव का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सिकंदर मंडल ने अपनी जमीन बेचकर नाव बनवाई थी। बाढ़ में नाव डूब गई, लेकिन आज तक संबंधित संवेदक की ओर से भी उन्हें कोई सहायता नहीं मिली। उन्होंने सरकार से मांग की कि जिन दोनों परिवारों के बच्चे बांध बनाने के दौरान हादसे में अपनी जान गंवा बैठे, उनके परिजनों को कम से कम 10-10 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए। वहीं बाढ़ में डूबने से जिन बच्चों की मौत हुई है, उनके परिवारों को भी कम से कम पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए। नाव बर्बाद होने वाले लोगों को भी उचित आर्थिक सहायता देने की मांग की।
ठेकेदार माफिया की संपत्ति की जांच
सांसद ने कहा कि वे सुप्रीम कोर्ट जाएंगे और पिछले करीब 40 वर्षों से सिंचाई व्यवस्था से जुड़े लोगों, ठेकेदारों, माफिया और पदाधिकारियों की संपत्ति की जांच की मांग करेंगे। पप्पू यादव ने कहा कि दोषी पाए जाने वाले ठेकेदारों और पदाधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।


