वोट चोरी करने वाले नपेंगे : पप्पू यादव
-लोकतंत्र बचाने के लिए इंडिया गठबंधन के मार्च में शामिल हुए सांसद पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव सोमवा

पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव सोमवार को राहुल गांधी के नेतृत्व में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा तथा कथित ‘वोट चोरी’ के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट तक निकाले गए मार्च में अपने समर्थकों के साथ शामिल हुए। उन्होंने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर सवाल उठाते हुए कहा कि वोट चोरी कर देश के साथ धोखा करने वालों को जवाब देना होगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता के मताधिकार से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पप्पू यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन का यह मार्च लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए है।
उनके अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के नाम पर करोड़ों लोगों के वोट काटने की आशंका को लेकर जनता में चिंता है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पश्चिम बंगाल में चुनाव की तैयारी के लिए समय की कमी बताई जा रही थी, तब एसआईआर की प्रक्रिया को प्राथमिकता क्यों दी गई। उन्होंने कहा कि प्रक्रियाओं और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की आड़ में किसी का मताधिकार छीनने के आरोपों से जिम्मेदार लोग बच नहीं सकते। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और एसआईआर रद्द करने की मांग का समर्थन किया। सांसद ने राहुल गांधी द्वारा पिछले वर्ष महादेवपुरा और अलंद में कथित वोट चोरी के उदाहरण उठाए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय मुख्य चुनाव आयुक्त ने राहुल गांधी से हलफनामा और माफीनामा मांगा था। पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि अब जब राहुल गांधी ज्ञानेश कुमार पर सीधे सवाल उठा रहे हैं, तो उनकी ओर से वैसी प्रतिक्रिया नहीं आ रही है। उनके मुताबिक जनता चुनाव प्रक्रिया से जुड़े इन सवालों को गंभीरता से समझ रही है। पप्पू यादव ने कहा कि कभी चुनाव आयुक्तों को लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ माना जाता था, लेकिन आज चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा, “समस्या ज्ञानेश कुमार नहीं है, समस्या नरेंद्र मोदी और आरएसएस है।” उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोगों को जनता की आवाज तब तक सुनाई नहीं देती, जब तक लोग अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर नहीं उतरते। उन्होंने कहा कि मताधिकार की रक्षा और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना लोकतंत्र की बुनियादी जरूरत है। पप्पू यादव ने स्पष्ट किया कि कथित वोट चोरी, एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष की आवाज संसद से सड़क तक उठती रहेगी।

