बस के टायर से निकला धुआं, यात्रियों में मची अफरा-तफरी
लखीमपुर खीरी जिले में एक ट्रैवल्स बस के टायर से धुआं निकलने से अफरा-तफरी मच गई। बस पलिया से देवरिया जा रही थी। ग्रामीणों ने बरसात के पानी से टायर को ठंडा किया। चालक ने दूसरे टायर की मदद से बस को आगे बढ़ाया। पुलिस घटना स्थल पर पहुंची, लेकिन तब तक बस जा चुकी थी।
तरकुलवा(देवरिया), हिन्दुस्तान टीम। लखीमपुर खीरी जिले के पलिया से यात्रियों को लेकर बुधवार की सुबह देवरिया आ रही ट्रैवल्स बस के टायर से धुंआ निकलने से बुधवार की सुबह अफरा-तफरी मच गई। टायर से तेज धुआं निकलता देख यात्रियों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की मदद से गड्ढे में जमा बरसात के पानी से टायर को ठंडा किया गया, जिसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। पलिया से एक ट्रैवल्स बस यात्रियों को लेकर गोरखपुर के रास्ते देवरिया जा रही थी। तरकुलवा से आगे पहुंचने पर बस के एक टायर से अचानक धुआं निकलने लगा। कंचनपुर के ग्राम प्रधान अनवर ने बस को ओवरटेक कर चट्टी मोड़ के समीप रुकवाया और चालक को इसकी जानकारी दी।
धुआं देखकर बस में सवार यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि अधिकांश यात्री पहले ही कसया में उतर गए थे। घटना के समय बस में करीब छह यात्री ही सवार थे। ग्रामीणों ने बाल्टी की मदद से गड्ढे में जमा बरसात का पानी निकालकर टायर पर डाला। काफी मशक्कत के बाद धुआं निकलना बंद हुआ। इसके बाद चालक ने दूसरा टायर लगाया और बस को लेकर रवाना हो गया।थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। तब तक चालक टायर बदलकर बस लेकर जा चुका था।


