25 करोड़ से पनकीधाम रेलवे स्टेशन में आधुनिक सेवाएं उपलब्ध
कानपुर के पनकीधाम रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 25 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। सुविधाओं में एस्केलेटर, फुट ओवरब्रिज और दिव्यांग यात्रियों के लिए रैंप शामिल हैं। यह स्टेशन यात्रियों को पंचमुखी हनुमान मंदिर की यात्रा को सुगम बनाता है।

कानपुर, प्रमुख संवाददाता। दिल्ली रूट पर जिले के सीमावर्ती ट्रैक पर स्थित पनकीधाम रेलवे स्टेशन अब पूरी तरह अमृत भारत स्टेशन के तहत विकसित हो चुका है। 25 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं जैसे 40 फुट चौड़ा फुट ओवरब्रिज और 20 फुट चौड़े रैंप पर दिव्यांग यात्रियों की आवाजाही व्हील चेयर से हो सकेगी। एस्केलेटर की भी सुविधा है। देश या विदेश के यात्री ट्रेन से पनकीधाम स्टेशन पर उतर आराम से पंचमुखी हनुमान मंदिर जाकर दर्शन कर सकते हैं। एनसीआर पीआरओ अमित मालवीय ने बताया कि वर्ष 1981 में स्थापित पनकी धाम रेलवे स्टेशन का निर्माण कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर बढ़ते यात्री दबाव को कम करने तथा शहर के पश्चिमी एवं उपनगरीय क्षेत्रों को बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया था।
यहां पर द्विमंजिला आधुनिक स्टेशन भवन, बड़ा प्रतीक्षालय, एक्जीक्यूटिव लाउंज, रिटायरिंग रूम, आधुनिक टिकटिंग क्षेत्र, विस्तारित एवं नए प्लेटफॉर्म शेल्टर, आधुनिक शौचालय, बेहतर पेयजल व्यवस्था तथा उन्नत यात्री सूचना प्रणाली विकसित की गई है। स्टेशन पर स्पष्ट साइनेज, डिजिटल सूचना डिस्प्ले और बेहतर प्रकाश व्यवस्था यात्रियों की सुविधा को और बढ़ाते हैं। वास्तुकला में पनकी धाम की आध्यात्मिक पहचान को प्रमुखता दी गई है। भवन के रंग, डिजाइन और कलात्मक तत्व स्थानीय संस्कृति तथा भगवान हनुमान की भक्ति परंपरा को दर्शाते हैं।


