ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देशपाली लोकसभा सीट: राजस्थान की इस सीट पर बीजेपी और कांग्रेस में कड़ा मुकाबला

पाली लोकसभा सीट: राजस्थान की इस सीट पर बीजेपी और कांग्रेस में कड़ा मुकाबला

राजस्थान की पाली लोकसभा सीट से कांग्रेस ने इस बार पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़ को अपना प्रत्याशी बनाया है तो भाजपा ने केन्द्रीय विधि राज्य मंत्री पीपी चौधरी को एक बार फिर अवसर प्रदान किया है। दोनों के...

पाली लोकसभा सीट: राजस्थान की इस सीट पर बीजेपी और कांग्रेस में कड़ा मुकाबला
लाइव हिन्दुस्तान टीम,नई दिल्लीThu, 25 Apr 2019 01:23 PM
ऐप पर पढ़ें

राजस्थान की पाली लोकसभा सीट से कांग्रेस ने इस बार पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़ को अपना प्रत्याशी बनाया है तो भाजपा ने केन्द्रीय विधि राज्य मंत्री पीपी चौधरी को एक बार फिर अवसर प्रदान किया है। दोनों के बीच इस बार जोरदार मुकाबला देखने को मिल रहा है। चौधरी और जाखड़ दूसरी बार लोकसभा पहुंचने के लिए चुनाव मैदान में उतरे हैं। पाली से इनके अलावा एसएचएस पार्टी के कन्हैया लाल वैष्णव, एपीओआई के रामप्रसाद जाटव, आईआईसीआर के डा़ राम लाल एवं पीटीएसएस के लक्ष्मण कुमार तथा दो निर्दलीयों सहित कुल आठ उम्मीदवार चुनाव मैदान में किस्मत आजमा रहे है। लेकिन मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस उम्मीदवार में ही माना जा रहा है। 

भाजपा प्रत्याशी चौधरी ने 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार मुन्नी देवी गोदारा को करीब चार लाख मतों से हराया था और दूसरी बार चुनाव मैदान में है जबकि जाखड़ तीसरी बार चुनाव मैदान में है। इससे पहले जाखड़ ने वर्ष 2004 में जोधपुर से लोकसभा चुनाव लड़ा लेकिन भाजपा प्रत्याशी जसवंत सिंह विश्नोई के सामने चुनाव हार गये। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2009 में पाली से चुनाव लड़ा और चुनाव जीतकर पहली बार लोकसभा पहुंचे। 

विधानसभा रिकॉर्ड     
पाली संसदीय क्षेत्र में पाली जिले की सोजत, पाली, मारवाड़ जक्शन, बाली, सुमेरपुर तथा जोधपुर जिले की ओसियां, भोपालगढ़ एवं बिलाड़ा विधानसभा क्षेत्र आता है जिनमें चार क्षेत्रों में भाजपा के विधायक है जबकि ओसियां एवं बिलाड़ा में कांग्रेस तथा भोपालगढ़ में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) तथा मारवाड़ जंक्शन में निर्दलीय विधायक जीता है। 

संसदीय सीट का इतिहास
हालांकि पाली संसदीय क्षेत्र में अब तक हुए लोकसभा चुनावों में कांग्रेस सबसे ज्यादा आठ बार चुनावों में जीत हासिल की है जबकि भाजपा ने छह तथा स्वतंत्र पार्टी, जनता पार्टी एवं निर्दलीय ने एक-एक बार चुनाव जीता है। 

1952 - अजीतसिंह - निर्दलीय
1957 - हरीशचन्द्र माथुर- कांग्रेस
1962 - जसवंत राज मेहता - कांग्रेस
1967 - एसके तापड़ियां - स्वतंत्र
1971 - मूलचंद डागा - कांग्रेस
1977 - अमृत नाहटा - भारतीय लोकदल(जनता पार्टी)
1980 - मूलचंद डागा - कांग्रेस
1984 - मूलचंद डागा - कांग्रेस
1989 - गुमानमल लोढ़ा - भाजपा
1991 - गुमानमल लोढ़ा - भाजपा
1996 - गुमानमल लोढ़ा - भाजपा
1998 - मिठालाल जैन - कांग्रेस
1999 - पुष्प जैन - भाजपा
2004 - पुष्प जैन - भाजपा
2009 - बद्रीराम जाखड़ - कांग्रेस
2014 - पीपी चौधरी - भाजपा 
       
2014 का जनादेश
साल 2014 के लोकसभा चुनाव में पाली संसदीय सीट पर 57.9 फीसदी मतदान हुआ था। इसमें बीजेपी को 65.0 फीसदी और कांग्रेस को 28.5 फीसदी वोट मिले। पीपी चौधरी ने बीजेपी के टिकट पर कांग्रेस उम्मीदवार मुन्नी देवी गोदारा को 3,99,039 मतों के भारी अंतर से पराजित किया था। इस चुनाव में बीजेपी से पीपी चौधरी को 7,11,772 और कांग्रेस से मुन्नी देवी गोदारा को 3,12,733 वोट मिले।

2014 में मतदान- 57.9 फीसदी 
कुल मतदाता- 18,93,030
महिला मतदाता- 8,98,948
पुरुष मतदाता- 9,94,082

जातीय समीकरण
पाली लोकसभा सीरवी, विश्नोई, राजपूत, जाट और अनुसूचित जाति बाहुल्य क्षेत्र है। साल 2011 की जनगणना के मुताबकि यहां की आबादी 27,53,012 जिसका 81.34 प्रतिशत हिस्सा ग्रामीण और 18.66 प्रतिशत हिस्सा शहरी है. वहीं यहां की कुल आबादी का 19.89 फीसदी अनुसूचित जाति और 6.07 फीसदी अनुसूचित जनजाति हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें