ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देशगीदड़ भभकी:परमाणु संपन्न होने का PAK ने भरा दंभ,भारत को दी चुनौती

गीदड़ भभकी:परमाणु संपन्न होने का PAK ने भरा दंभ,भारत को दी चुनौती

पाकिस्तान ने अपने परमाणु हथियार संपन्न होने का एक बार फिर दंभ भरा है और भारत को धमकाने की कोशिश की है। पाकिस्तान के विदेश मंत्री ख्वाजा अहमद आसिफ ने भारत को परमाणु हमले की धमकी दी है। विदेश...

गीदड़ भभकी:परमाणु संपन्न होने का PAK ने भरा दंभ,भारत को दी चुनौती
एजेंसी,इस्लामाबादSun, 14 Jan 2018 01:18 PM
ऐप पर पढ़ें

पाकिस्तान ने अपने परमाणु हथियार संपन्न होने का एक बार फिर दंभ भरा है और भारत को धमकाने की कोशिश की है। पाकिस्तान के विदेश मंत्री ख्वाजा अहमद आसिफ ने भारत को परमाणु हमले की धमकी दी है। विदेश मंत्री आसिफ ने ट्वीट किया, ‘भारतीय सेनाध्‍यक्ष ने बेहद गैरजिम्‍मेदार बयान दिया है। यह उनके पद की गरिमा के अनुसार नहीं है। यह परमाणु युद्ध का आमंत्रण देने जैसा है। अगर वे (भारत) ऐसी इच्‍छा रखते हैं तो वे हमारी (पाकिस्‍तान) प्रतिबद्धताओं की परीक्षा ले सकते हैं। जनरल का संदेह बहुत जल्‍द ही दूर हो जाएगा।’

 

वहीं पाकिस्‍तान की सेना ने कहा है कि भारत को किसी तरह का दुस्साहस नहीं करना चाहिए। हमारे देश के परमाणु हथियारों का खास मकसद पूर्व (भारत) से आने वाले किसी भी खतरे को नाकाम करना है। पाकिस्तानी सेना की यह टिप्पणी भारतीय थलसेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत की हाल में की गई उस टिप्पणी के बाद सामने आई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि सेना पाकिस्तान के ‘परमाणु हथियारों के झांसे’ का जवाब देने के लिए और सरकार के कहने पर किसी भी अभियान के लिए सीमा पार करने को तैयार है।

पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल आसिफ गफूर ने भारत को किसी तरह का दुस्साहस करने के खिलाफ आगाह किया। उन्होंने पाकिस्तान के सरकारी चैनल पीटीवी से कहा, ‘यह उनको चुनना है। अगर वे हमारा संकल्प देखना चाहते हैं तो कोशिशें कर खुद देख लें।’ गफूर ने कहा कि पाकिस्तान के पास खासतौर पर पूर्व से आने वाले किसी भी खतरे से निपटने के लिए विश्वसनीय परमाणु क्षमता है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा, ‘हमें लगता है कि यह कोई विकल्प नहीं है, बल्कि प्रतिरोधक क्षमता का हथियार है। उन्हें हमारी विश्वसनीय परमाणु हथियार प्रतिरोधक क्षमता रोक रही है, क्योंकि दो परमाणु शक्ति संपन्न देशों के बीच युद्ध की गुंजाइश नहीं है।’

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें