ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देशपाक चुनाव : व्हाट्स एप का पाक में फर्जी खबरों के खिलाफ अभियान

पाक चुनाव : व्हाट्स एप का पाक में फर्जी खबरों के खिलाफ अभियान

लोकप्रिय इंस्टेंट मैसेंजर सेवा व्हाट्सएप ने पाकिस्तान में आम चुनाव से पहले फर्जी खबरों के प्रसार को रोकने के लिए जन जागरूकता अभियान शुरू किया है। एक मीडिया रिपोर्ट में गुरुवार को यह जानकारी दी...

पाक चुनाव : व्हाट्स एप का पाक में फर्जी खबरों के खिलाफ अभियान
इस्लामाबाद| एजेंसीThu, 19 Jul 2018 11:43 PM
ऐप पर पढ़ें

लोकप्रिय इंस्टेंट मैसेंजर सेवा व्हाट्सएप ने पाकिस्तान में आम चुनाव से पहले फर्जी खबरों के प्रसार को रोकने के लिए जन जागरूकता अभियान शुरू किया है। एक मीडिया रिपोर्ट में गुरुवार को यह जानकारी दी गई। 

व्हाट्सएप मीडिया अभियान ने कहा कि फर्जी खबरें अक्सर वायरल हो जाती हैं। दरअसल लोग सच्चाई का पता लगाए बिना ऐसी खबरों को साझा करने लगते हैं। कंपनी ने कहा कि लोगों को ऐसी खबरों और तस्वीरों से सचेत रहना चाहिए, जो असामान्य और अविश्वसनीय लगें।  
कंपनी के अनुसार, अमूमन ऐसी खबरों में कुछ ऐसे संकेत मसलन वर्तनी की गलतियां रहती हैं जिनसे अंदाजा हो जाता है कि इस खबर पर भरोसा करना कठिन है। ऐसे में अन्य समाचार वेबसाइट भी देखें कि क्या यह खबर वहां चल रही है या नहीं। कंपनी ने कहा कि लोगों को गुमराह करने के लिए फोटो और वीडियो आसानी से संपादित किए जा सकते हैं।

इस जागरूकता अभियान को ‘टुगेदर वी कैन फाइट फाल्स इन्फॉरमेशन’ नाम दिया गया है। कंपनी ने हाल में एक अंग्रेजी दैनिक में इसका विज्ञापन प्रकाशित कराया था। कंपनी ने कहा, फर्जी खबरों से निपटने के लिए तकनीकी कंपनियों, सरकार और सामुदायिक समूहों, हम सभी को एक साथ काम करने की जरूरत है। अगर आप कहते हैं कि कोई चीज सच नहीं है तो इससे कई लोग सजग हो जाएंगे और इससे फर्जी खबरों को रोकने में मदद मिलेगी। 

इस महीने की शुरुआत में फेसबुक ने मुंबई आतंकी हमले के साजिशकर्ता हाफिज सईद के संगठन जमात-उद-दावा के सियासी गुट मिल्ली मुस्लिम लीग के कई अकाउंट और पेज बंद कर दिए थे। फेसबुक ने पाकिस्तान चुनाव आयोग के अधिकारियों से संपर्क करके आम चुनाव के मद्देनजर विभिन्न सियासी दलों के फर्जी पेज को पहचानने और हटाने में मदद करने की पेशकश की थी।

ये भी पढ़ेंः विदेश की सभी खबरों के लिए क्लिक करें

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें