प्रो.लाहिड़ी : ‘ये घर का सबसे छोटा जमाई है...’
बीएचयू के अस्पताल में भर्ती पद्मश्री प्रो. टीके लाहिड़ी ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अपनी बहन, बहनोई और भतीजी से सफलतापूर्वक बातचीत की। उनकी बातचीत में खुशी और ठहाकों की गूंज सुनाई दी। प्रो. लाहिड़ी अपनी बहन और परिवार के बारे में मजेदार टिप्पणियां करते हुए हंसते रहे, जिससे परिवार के सभी सदस्य भी मुस्कुराने लगे।

वाराणसी, कार्यालय संवाददाता। बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल में भर्ती पद्मश्री प्रो. टीके लाहिड़ी ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अपनी बहन, बहनोई और भतीजी से बात की। करीब एक मिनट की बातचीत में उनके चेहरे पर चिर-परिचित मुस्कान दिखी। उन्होंने कई बार ठहाके भी लगाए। वहां खड़ी नर्स को स्क्रीन पर दिख रहे बहनोई की ओर इशारा करके कहा कि ‘ये हमारे घर का सबसे छोटा जमाई है...’ और ठहाका लगाया। बीएचयू के छात्र नेता आशुतोष सिंह ईशु ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रो. लाहिड़ी की परिजनों से बात कराई। स्क्रीन पर बहन रीता को देखते ही प्रो. लाहिड़ी खुश हो गए।
रीता ने उनसे पूछा कि ‘कैसे हैं?’ इसके जवाब में प्रो. लाहिड़ी कुछ बोलने के बजाय हंसते रहे। पास खड़ी नर्स को स्क्रीन की ओर इशारा करते हुए बताया, ये मेरी सबसे छोटी बहन है। इसके बाद स्क्रीन पर बहनोई को देखकर फिर इशारा किया और कहा, ये हमारे घर का सबसे छोटा जमाई है। फिर जोर से हंस पड़े। उनकी हंसी देखकर वीडियो कॉल पर मौजूद भावुक परिवार के लोग भी मुस्कुरा उठे।


