धान केंद्र प्रभारी गांव-गांव पहुंचाएंगे क्रय केंद्रों की सूचना, पंजीकरण कराएंगे
बिना पंजीकरण धान क्रय केंद्रों पर नहीं खरीदा जाएगा 15 अक्टूबर से धान खरीद प्रदेश में शुरू होगी। वैसे तो एक अक्टूबर से केंद्र खुलने थे, लेकिन बारिश

बरेली। 15 अक्टूबर से धान खरीद प्रदेश में शुरू होगी। वैसे तो एक अक्टूबर से केंद्र खुलने थे, लेकिन बारिश के चलते धान कटान लेट हो गया। ऐसे में अब केंद्र प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में प्रधानों (प्रशासक) के माध्यम से क्रय केंद्र के संबंध में गांव-गांव सूचना भेजेंगे। किसानों को अधिक से अधिक पंजीकरण कराने को प्रेरित करेंगे। जिससे खरीद लक्ष्य को पूरा किया जा सके। खाद्य विपणन विभाग के अधिकारियों का कहना है, मंडल में 488 धान क्रय केंद्र 15 अक्टूबर से खुलेंगे। अभी लक्ष्य मुख्यालय से नहीं मिला है। 14 अक्टूबर शाम तक लक्ष्य मिलेगा। बरेली जिले में 127, बदायूं 39, पीलीभीत 134 और शाहजहांपुर में 188 क्रय केंद्र का अनुमोदन हुआ है।
वैसे एक अक्टूबर से धान खरीद होती है। लेकिन बारिश ने खेतों को तालाब बना दिया। धान की फसल को सबसे अधिक नुकसान हुआ है। ऐसे में धान फसल का कटान लेट हो गया। 14 अक्टूबर तक केंद्र प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में आने वाले गांवों में संपर्क करेंगे। ग्राम प्रधानों(प्रशासक) से किसानों को धान बिक्री के लिए पंजीकरण कराने को प्रेरित करेंगे। क्योंकि, बिना पंजीकरण धान की बिक्री संभव नहीं है। धान क्रय केंद्रों की निगरानी को कंट्रोल रूम बनेगा। केंद्रों के सीसीटीवी कैमरे आफिस के कंट्रोल रूम से भी कनेक्ट किये जाएंगे।डिप्टी आरएमओ अतुल कुमार वार्ष्णेय का कहना है, 15 अक्टूबर से धान खरीद होगी। किसानों से पंजीकरण कराने को कहा गया। जिससे केंद्र पर धान लाने के बाद कोई कागजी प्रक्रिया अधूरी न हो। केंद्र प्रभारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में गांव-गांव 15 अक्टूबर से होने वाली धान खरीद के संबंध में सूचनाएं भेजने को कहा गया है। जिससे अधिक से अधिक किसान क्रय केंद्रों का लाभ ले सकें।

