बस में 33 सवारियों की क्षमता, ठूंस रखे थे 76 यात्री
दिल्ली से बिहार के दरभंगा जा रही एक स्लीपर बस को सीज कर दिया गया है, जिसमें 76 यात्री सवार थे। बस की अधिकतम क्षमता 33 थी। एआरटीओ ने पाया कि बस का परमिट भी समाप्त हो चुका था और इसमें 20 से अधिक चालान थे। यात्रियों को रोडवेज की बसों से भेजा गया।

यात्रियों की जान को जोखिम में कर दिल्ली से बिहार के दरभंगा जा रही स्लीपर बस को सीज कर दिया गया। सोने और बैठने की 33 सवारियों की कुल क्षमता वाले इस बस में ठूंस कर 76 यात्री भरे गए थे। उन्हें बैठाने के लिए बस चालक ने गैलरी में और चालक सीट के पीछे खाली जगह में बेंचें भी लगा रखी थीं। यात्रियों के सामानों से बस इस कदर भरी हुई थी कि उनके हिलने की भी जगह नहीं बची थी। एआरटीओ प्रवर्तन आलोक कुमार यादव अपने रुटीन जांच में किसान पथ पर गुरुवार को वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक स्लीपर बस नजर आई, जिसके छत पर काफी ज्यादा सामान भरा हुआ था। जांच के लिए उन्होंने बस को रोका तो अंदर का नजारा देख कर हैरान रह गए। अंदर बुरी तरह ठुंसे हुए यात्री भरे हुए थे, जिसमें महिलाएं और बच्चे भी थे। गिनती में कुल 76 वयस्क यात्री मिले। एआरटीओ प्रवर्तन ने बताया कि बस के कागजों की जांच की गई तो पता चला कि बस में स्लीपर की संख्या 15 और सीट की संख्या 16 निर्धारित थी। जबकि, बस मालिक ने अवैध तरीके से स्लीपर को 18 और सीट को 28 कर दिया था। सीट लगाने के लिए आपातकालीन गेट को भी बंद कर दिया था। बस को सीज कर पार्किंग में खड़ा करा दिया गया।
परमिट भी फेल, 20 से अधिक चालान-
एआरटीओ प्रवर्तन ने जांच में पाया कि अलीगढ़ में पंजीकृत बस का आल इंडिया परमिट और टूरिस्ट परमिट दोनों ही वर्ष 2025 में खत्म हो चुके हैं। बस पर 20 से अधिक चालान हैं। बस का संचालन दिल्ली से किया जाता है। हैरानी की बात है कि दिल्ली से बिहार के लिए चली इस बस को बीच के शहरों में किसी भी आरटीओ और एआरटीओ ने नहीं रोका। लखनऊ एआरटीओ ने बस का 1.41 लाख का चालान किया।
रोडवेज की बसों से भेजे गए यात्री-
एआरटीओ प्रवर्तन ने बताया कि बस में सवार सभी यात्रियों को रोडवेज की दो बसों से रवाना किया गया। हालांकि इन यात्रियों को भड़का कर बस चालक ने रोकने का काफी प्रयास किया, लेकिन प्रवर्तन की कार्रवाई के कारण यात्रियों ने रोडवेज की बसों से जाना उचित समझा।

