राष्ट्रीय लोक अदालत में 80000 से अधिक वादों का निस्तारण
लखीमपुर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष न्यायाधीश शिवकुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में 80,000 से अधिक वादों का निस्तारण सुलह समझौते के आधार पर किया गया।इसमें परिवार न्यायालय से 30 जोड़ों ने अपने विवाद भुलाकर साथ रहने का निर्णय लिया।

लखीमपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष जिला जज शिवकुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में पूरे जनपद की अदालतों में 80000 से अधिक वादों का निस्तारण आपसी सुलह समझौते के आधार पर किया गया। इसमें जिले की राजस्व अदालतों ने 75497 वादों का निस्तारण किया। इस लोक अदालत में परिवार न्यायालय से तीस जोड़े अपने गिले शिकवे भुलाकर साथ रहने के लिए विदा हुए। इसके साथ ही इस लोक अदालत में दुर्घटना दावा प्राधिकरण की जज डॉ कपिला राघव ने दुर्घटना प्रतिकर के 187 मुकदमों को सुलह समझौते के आधार पर निस्तारित करते हुए पीड़ित पक्षों को 10 करोड़ 65 लाख 76 हजार से अधिक की प्रतिकर धनराशि दिलायी।
प्राधिकरण के सचिव अम्बरीष त्रिपाठी ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में जिला जज शिवकुमार सिंह ने चार वाद, विशेष न्यायाधीश विद्युत अधिनियम ने 356 वाद, सीजेएम प्रमोद कुमार यादव ने 1495 वाद, एसीजेएम प्रथम ने 539 वाद निस्तारित किये। इसके अलावा परिवार न्यायालय की दो अदालतों में कुल 163 मामले निस्तारित हुए जिनमे से लगमलभग तीस जोड़े साथ साथ रहने के लिए विदा हुए। लोक अदालत में कई बैंक ने अपने पटल लगाकर ऋण के 786 मामलों का समाधान किया। जिला जज शिवकुमार सिंह, नोडल अधिकारी एडीजे अभिषेक श्रीवास्तव और सचिव अम्बरीष त्रिपाठी ने लोक अदालत का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।


