14 केंद्रों पर परीक्षा, 3063 अभ्यर्थी नहीं पहुंचे
झांसी में लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी परीक्षा-2025 में 5635 परीक्षार्थियों में से 3063 गैर हाजिर रहे। सभी 14 परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी गई। अपर जिलाधिकारी ने नकलविहीन परीक्षा कराने का दावा किया। परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित की गई।

झांसी,संवाददाता। लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित कराई गई परीक्षा में 3 हजार से अधिक परीक्षार्थी गैर हाजिर रहे। परीक्षा के लिए कुल 14 परीक्षा केन्द्र बनाए गए थे। सभी केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही थी। प्रशासन ने दावा किया कि परीक्षा को शांति से करा लिया गया। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग प्रयागराज द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी ( स्क्रीनिंग ) परीक्षा-2025 जनपद में 4 अक्टूबर रविवार को करायी गई। आयोजित होने वाली परीक्षा सुबह 09:30 से दोपहर 11:30 बजे तक हुई। अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ल ने दावा किया कि पूरी परीक्षा नकलविहीन कराई गई है।
अपर जिलाधिकारी एवं एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय,एसपीआई इंटर कालेज, सूरज प्रसाद बालिका इंटर कॉलेज, नेशनल हाफ़ज़ि सिद्दकी इंटर कालेज, वीएमएल राजकीय महिला महाविद्यालय का निरीक्षण करते हुए कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी गई। एडीएम प्रशासन ने बताया कि स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी, (स्क्रीनिंग) परीक्षा-2025 में 5635 परीक्षार्थियों को शामिल होना था। इसमें 2572 परीक्षार्थी उपस्थित रहे और 3063 परीक्षार्थी परीक्षा केन्द्रों पर ही नहीं पहुंचे और परीक्षा छोड़ दी है। परीक्षा केंद्रों के निरीक्षण में टीपीओ दिनेश सिंह राजपूत, कमांडेंट पीआरडी शिवराम सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुरेंद्र कुमार पटेल, पुलिस बल सहित केंद्र व्यवस्थापक एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।


