अग्निवीर भर्ती : लिखित परीक्षा का परिणाम जारी, 22138 अभ्यर्थी सफल
वाराणसी में अग्निवीर भर्ती की ऑनलाइन परीक्षा का परिणाम घोषित हुआ। कुल 22,138 अभ्यर्थियों ने लिखित परीक्षा में सफलता पाई। इनमें 13,917 जनरल ड्यूटी, 3,596 टेक्निकल और अन्य विभिन्न श्रेणियों के अभ्यर्थी शामिल हैं। भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के लिए सफल अभ्यर्थियों को भारतीय सेना की वेबसाइट पर जानकारी देखने का सुझाव दिया गया है।

वाराणसी, संवाददाता। सेना भर्ती कार्यालय वाराणसी के निदेशक कर्नल शैलेश कुमार ने बताया कि अग्निवीर भर्ती की ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम का परिणाम रविवार को जारी कर दिया गया। एआरओ वाराणसी के अंतर्गत कुल 22,138 अभ्यर्थी लिखित परीक्षा में सफल हुए हैं। सफल अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण यानी शारीरिक दक्षता परीक्षा, शारीरिक माप, चिकित्सा परीक्षण एवं दस्तावेज सत्यापन से गुजरना होगा। कर्नल शैलेश कुमार के अनुसार सफल अभ्यर्थियों में अग्निवीर जनरल ड्यूटी के 13,917, अग्निवीर टेक्निकल के 3596, अग्निवीर ऑफिस असिस्टेंट एवं स्टोर कीपर टेक्निकल (क्लर्क) के 1674, अग्निवीर ट्रेड्समैन के 1914, अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं) के 477, सोल्जर नर्सिंग असिस्टेंट के 445 तथा महिला सैन्य पुलिस के 115 अभ्यर्थी शामिल हैं।
बताया कि ऑनलाइन लिखित परीक्षा के लिए वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, बलिया, मऊ, आजमगढ़, भदोही, मिर्जापुर, सोनभद्र, देवरिया, गोरखपुर के लगभग 1.08 लाख अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। 1 से 12 जून तक वाराणसी और गोरखपुर के केंद्रों पर परीक्षा आयोजित थी। कर्नल शैलेश कुमार ने सफल अभ्यर्थियों से कहा कि वे भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण से संबंधित निर्देशों और कार्यक्रम की जानकारी के लिए भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें। अगले साल जनवरी या फरवरी में शारीरिक पात्रता परीक्षा प्रस्तावित है।


