महादेवशाल धाम में डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
झारखंड के महादेवशाल धाम में सावन की अंतिम सोमवारी पर 1.5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया और पूजा अर्चना की। श्रद्धालु विभिन्न साधनों से मंदिर पहुंचे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। स्थानीय शिवालयों में भी लोगों ने पूजा की। व्यवस्थाओं की निगरानी प्रशासन ने की।

गोईलकेरा, संवाददाता। झारखंड के दूसरे बाबा धाम के रूप में सुप्रसिद्ध महादेवशाल धाम में सावन की अंतिम सोमवारी पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। रविवार शाम से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। श्रद्धालु रेल, निजी वाहनों और पैदल यात्रा कर महादेवशाल धाम पहुंचे। कांवरिया बोल बम का जयघोष करते हुए कांवर लेकर मंदिर पहुंचे। सोमवार तड़के सुबह पुजारी सुधीर झा द्वारा विधि विधान से पूजा अर्चना करने के बाद श्रद्धालुओं के लिए कपाट खोल दिया गया था।
इसके बाद मंदिर के पदाधिकारियों और सदस्यने श्रद्धालुओं को कतारबद्ध कर व्यवस्थित तरीके से पूजा-अर्चना कराई। सोमवारी को दिनभर दोपहिया और चारपहिया वाहनों से परिवार के साथ श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम जारी रहा। मंदिर परिसर में लगे मेले में भी लोगों की खूब भीड़ रही। खिलौने, माला, प्रसाद सहित विभिन्न दुकानों पर श्रद्धालुओं ने खरीदारी की। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गोईलकेरा थाना प्रभारी विक्रांत मुंडा के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती रही। प्रखंड विकास पदाधिकारी सह महादेवशाल सेवा समिति के अध्यक्ष बिबेक कुमार भी दिनभर व्यवस्था का जायजा लेते रहे। एनसीसी की ओर से छात्र-छात्राओं ने भी व्यवस्था में सहयोग किया। वहीं रेलवे सुरक्षा बल ने रेलवे लाइन और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था संभाली। वहीं इस बार शांति आयुर्वेद चक्रधरपुर की ओर से मालिश, सत्तू शरबत और लाल काढ़ा चाय की ब्यवस्था सावन भर की गई थी।पोड़ाहाट के शिवालयों में उमड़े श्रद्धालु : पोड़ाहाट अनुमंडल मुख्यालय चक्रधरपुर सहित आस पास के इलाकों में स्थित शिवालयों में सावन माह की अंतिम सोमवारी पर पूजा-अर्चना करने को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। शिवालयों में पुरुषों की तुलना में महिलाओं की संख्या अधिक दिखी। महिलाएं बेलपत्र, चंदन, चावल, रोली, मोली, दूध दही सहित अन्य पूजन सामग्री चढ़ाकर विधि-विधान से शिवलिंग की पूजा-अर्चना की और मन्नतें मांगी। चक्रधरपुर में सोनुवा बस स्टैंड हनुमान मंदिर शिवालय, प्रखंड कार्यालय स्थित शिवालय, टोकलो स्थित शिवालय, पोर्टरखोली, पुराना बस्ती, पंचमोड़, चांदमारी, आरई कॉलोनी, देवगांव सहित कई जगहों पर स्थित शिवालयों में लोगों ने पूजा-अर्चना की। इसी प्रकार बंदगांव के कराईकेला स्थित आहारबांध शिव मंदिर, सोनुवा के लोटापाहड़ा और बेगुना स्थित शिव मंदिर सहित मनोहरपुर, गोईलकेरा, आनंदपुर, चिरिया सहित अनुमंडल के सभी इलाकों में स्थित शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की।


