आउटसोर्स कर्मचारियों को दो माह से नहीं मिला मानदेय, जताया विरोध
वीरांगना अवंतीबाई महिला चिकित्सालय के आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को पिछले दो महीनों से वेतन नहीं मिला है। कर्मचारियों ने अस्पताल की प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक को पत्र भेजकर तत्काल वेतन और नियमित भुगतान की माँग की है। पिछले महीनों में भी वेतन में देरी हुई थी।

वीरांगना अवंतीबाई महिला चिकित्सालय (डफरिन) में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को दो माह से मानदेय नहीं मिला है। कर्मचारियों के सामने घर का खर्च चलाने, बच्चों की फीस और अन्य जरूरी जरूरतें पूरी करने का संकट खड़ा हो गया है। कर्मचारियों ने अस्पताल की प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक को पत्र देकर जुलाई और अगस्त का मानदेय तत्काल दिलाने की मांग की है। 31 अगस्त को दिए गए पत्र में कर्मचारियों ने बताया कि वे पीएचआर सर्विसेज प्राइवेट एजेंसी के माध्यम से अस्पताल में कार्यरत हैं। इनमें स्टाफ नर्स, एक्स-रे टेक्नीशियन, टेक्नीशियन, लैब टेक्नीशियन, डायटीशियन, फिजियोथेरेपिस्ट और वार्ड आया शामिल हैं। कर्मचारियों के मुताबिक उन्हें जुलाई और अगस्त का मानदेय नहीं मिला है।
कर्मचारियों ने प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक से मानदेय भुगतान में आ रही समस्या का स्थायी समाधान कराने और हर माह समय से वेतन दिलाने की मांग की है। पत्र की कॉपी डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी लखनऊ और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भी भेजी गई है। कर्मचारियों ने बताया कि पहले भी फरवरी, मार्च और अप्रैल के तीन महीने का मानदेय कई बार बातचीत के बाद मई में मिला था। कर्मचारियों ने बताया कि ईपीएफ, ईएसआई, मातृत्व अवकाश व चिकित्सा अवकाश का लाभ नहीं मिल रहा है। मानदेय से कटौती कर ली जाती है।


