आउटसोर्स कर्मचारियों ने बनाया संयुक्त मोर्चा, मंगलेश लखेड़ा बने अध्यक्ष
फोटो .......... हल्द्वानी, कार्यालय संवाददाता। विभिन्न सरकारी विभागों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों ने रविवार को

हल्द्वानी, कार्यालय संवाददाता। विभिन्न सरकारी विभागों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों ने रविवार को नगर निगम सभागार में बैठक कर संयुक्त मोर्चा का गठन किया। संयुक्त मोर्चा आउटसोर्स कर्मचारी संगठन उत्तराखंड के अध्यक्ष मंगलेश लखेड़ा और महामंत्री पान सिंह चिलवाल चुने गए। इस मौके पर कार्मिकों के हितों के लिए संयुक्त संघर्ष करने का निर्णय लिया गया। जल संस्थान, ऊर्जा निगम, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग और मंडी समिति के आउटसोर्स कर्मचारियों की आम सभा का रविवार को आयोजन किया गया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि आउटसोर्स कर्मी लंबे समय से समान कार्य के बदले समान वेतन, नौकरी की सुरक्षा, समय पर वेतन भुगतान और अन्य सुविधाओं से वंचित हैं।
अलग-अलग आवाजों के कारण सरकार तक बात नहीं पहुंच पा रही थी। इसी को देखते हुए सभी ने एक मंच पर आकर संघर्ष करने का निर्णय लिया। सर्वसम्मति से संयुक्त मोर्चे का गठन कर शंकर सिंह और मुदित दुर्गापाल उपाध्यक्ष, वेद प्रकाश मंत्री, संजय कुमार कोषाध्यक्ष और विनय अग्रवाल को सलाहकार चुना गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि मोर्चा कर्मचारियों की जायज मांगों को पूरा कराने के लिए हर स्तर पर प्रयास करेगा। यदि वार्ता से समाधान नहीं निकला तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों के आउटसोर्स कर्मियों से मोर्चे से जुड़कर आंदोलन को मजबूत बनाने की अपील की। बैठक में उपस्थित कर्मचारियों ने एकजुटता का संकल्प लिया और कहा कि अब प्रदेश भर के आउटसोर्स कर्मी एक बैनर तले अपनी लड़ाई लड़ेंगे।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


