बिना सीढ़ी खंभे पर चढ़ाने का दबाव, धरना-प्रदर्शन आज
विद्युत उपकेंद्रों पर परीक्षण के नाम पर जोखिमपूर्ण कार्य कराया जा रहा विद्युत उपकेंद्रों पर परीक्षण के नाम पर जोखिमपूर्ण कार्य कराया जा रहा

बिसौली। बिजली विभाग के आउटसोर्स संविदा कर्मचारियों ने बिना सीढ़ी और पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के बिजली के खंभों पर चढ़कर कार्य कराने का आरोप लगाते हुए विरोध जताया है। कर्मचारियों का कहना है कि जिले के विभिन्न विद्युत उपकेंद्रों पर परीक्षण के नाम पर उनसे जोखिमपूर्ण कार्य कराया जा रहा है। ऐसा करने से इंकार करने पर कुशल श्रमिक से अकुशल श्रमिक बनाए जाने अथवा सेवा से हटाने की चेतावनी दी जा रही है। 13 जुलाई से अधिशासी अभियंता कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया जायेगा। कर्मचारियों का कहना है कि परिचालन, अनुरक्षण एवं राजस्व वसूली का कार्य करने वाले कुशल श्रमिकों का दायित्व लाइनमैन का कार्य करना नहीं है।
बिना सुरक्षा व्यवस्था के खंभों पर चढ़ाकर काम कराना कर्मचारियों की जान जोखिम में डालने के समान है और इससे विद्युत दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।जिला अध्यक्ष धीरेंद्र कुमार सिंह ने अधिशासी अभियंता को नोटिस भेजकर कई मांगें उठाई हैं। इनमें नव ऊर्जीकृत विद्युत उपकेंद्र सराय बरौलिया समेत अन्य उपकेंद्रों पर बाहरी व्यक्तियों की नियुक्ति निरस्त कर हटाए गए कर्मचारियों की पुनर्नियुक्ति, नियमविरुद्ध परीक्षण प्रक्रिया पर रोक, सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराना, निर्धारित समयानुसार ड्यूटी चार्ट लागू करना, फीडरों के अनुरूप कर्मचारियों की संख्या बढ़ाना, बिना सीढ़ी खंभे पर चढ़ाने संबंधी बोर्ड आदेश उपलब्ध कराना, लंबित वेतन का भुगतान तथा सभी आउटसोर्स कर्मचारियों को परिचय पत्र, ईएसआई कार्ड और यूएएन नंबर उपलब्ध कराना शामिल है। कर्मचारी संगठन ने चेतावनी दी, 13 जुलाई से अधिशासी अभियंता कार्यालय के सामने सभी आउटसोर्स संविदा कर्मचारी समस्याओं के समाधान तक अनिश्चितकालीन सांकेतिक धरना-प्रदर्शन करेंगे।


