स्कूलों के स्टेडियमों को सक्रिय करने की कवायद शुरू
जिले के सरकारी स्कूलों में मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के तहत बनाए गए आउटडोर स्टेडियम अब खेल गतिविधियों के लिए सक्रिय किए जाएंगे। शिक्षा विभाग ने रिपोर्ट खड़ीकरने का आदेश दिया है ताकि स्टेडियमों का सही उपयोग हो सके। 6 अक्टूबर को इस पर बैठक होगी।

जिले के सरकारी स्कूलों में मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के तहत बनाए गए आउटडोर स्टेडियम अब खेल गतिविधियों के लिए सक्रिय किए जाएंगे। लंबे समय से स्कूलों में तैयार इन खेल सुविधाओं को उपयोग में लाने की दिशा में शिक्षा विभाग ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग ने जिले के सरकारी स्कूलों में बने आउटडोर स्टेडियमों की जानकारी मांगी है। जिला शिक्षा पदाधिकारी को संबंधित जानकारी 72 घंटे के भीतर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। इसके बाद स्टेडियमों के उपयोग और खेल गतिविधियों के संचालन को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। माध्यमिक शिक्षा निदेशक नितिन कुमार सिंह की ओर से जारी निर्देश में सरकारी स्कूलों में निर्मित आउटडोर स्टेडियमों से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया है। विभाग स्तर पर यह जानकारी जुटाने का उद्देश्य स्कूलों में उपलब्ध खेल आधारभूत संरचना की स्थिति स्पष्ट करना और उसके बेहतर उपयोग की दिशा में पहल करना है। जिले में भी अब संबंधित अधिकारियों को ऐसे सभी सरकारी स्कूलों की जानकारी जुटाकर रिपोर्ट तैयार करनी होगी, जहां आउटडोर स्टेडियम का निर्माण कराया गया है।
स्कूलों में खेल गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा
जिले के विभिन्न प्रखंडों में खेल आधारभूत संरचना विकसित करने के उद्देश्य से आउटडोर स्टेडियम बनाए गए हैं। अब इन स्टेडियमों को सक्रिय कर बच्चों और युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने तथा खेल प्रशिक्षण के लिए इनका उपयोग किए जाने की तैयारी है। स्कूल परिसर में उपलब्ध खेल सुविधाओं का इस्तेमाल होने से विद्यार्थियों को खेल के लिए बेहतर अवसर मिल सकेंगे। हालांकि जिले में कितने स्कूलों में ऐसे स्टेडियम बने हैं, इसकी संख्या विभाग को रिपोर्ट मिलने के बाद स्पष्ट होगी।
6 अक्टूबर को होगी बैठक
आउटडोर स्टेडियमों को सक्रिय करने और इनके उपयोग को लेकर 6 अक्टूबर 2026 को सुबह 11 बजे सचिव, खेल विभाग, बिहार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में सरकारी स्कूलों में निर्मित आउटडोर स्टेडियमों से संबंधित जानकारी पर चर्चा होगी। इसके लिए जिले से मांगी गई रिपोर्ट को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
72 घंटे में भेजनी होगी जानकारी
शिक्षा विभाग ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्धारित समय-सीमा के भीतर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा है। रिपोर्ट में जिले के सरकारी स्कूलों में निर्मित आउटडोर स्टेडियमों से जुड़ी वांछित जानकारी देनी होगी। इसके आधार पर विभाग स्तर पर स्टेडियमों को सक्रिय करने की आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी। खेल गतिविधियों के लिए इन स्टेडियमों का इस्तेमाल होने से स्कूल स्तर पर खेल को बढ़ावा देने की दिशा में पहल तेज होने की उम्मीद है। (नवादा से शशि भूषण पाठक)


