कहीं यूपीआई से नहीं लिया गया भुगतान तो कहीं छोटी रकम के लेनदेन जारी रहे

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

- दिल्ली में नो-यूपीआई डे का दिखा मिला जुला असर - कश्मीरी गेट बाजार में व्यापारिक संगठन सीटीआई ने यूपीआई पर एमडीआर लगाने के विरोध में किया प्रदर्शन - सरोजिनी नगर बाजार में यूपीआई क्यूआर कोड को काले...

 कहीं यूपीआई से नहीं लिया गया भुगतान तो कहीं छोटी रकम के लेनदेन जारी रहे

- सरोजिनी नगर बाजार में यूपीआई क्यूआर कोड को काले कपड़े से ढककर जताया विरोध

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता।

यूपीआई से 2000 रुपये से ज्यादा के भुगतान पर एमडीआर (मर्चेंट डिस्काउंट रेट) लागू किए जाने के विरोध में शुक्रवार को दिल्ली के कई व्यापारिक संगठनों ने नो-यूपीआई डे मनाया। बाजारों में यूपीआई से भुगतान नहीं लेने के इस विरोध का असर राजधानी में मिला जुला रहा। कश्मीरी गेट बाजार में व्यापारिक संगठन सीटीआई ने हाथों में पर्चे लेकर एमडीआर का विरोध किया। वहीं, सरोजिनी नगर बाजार में दुकानदारों ने यूपीआई क्यूआर कोड पर काला कपड़ा ढक कर आक्रोश जताया। हालांकि कई बाजारों में यूपीआई से भुगतान लिया गया, लेकिन बड़े लेनदेन से दूरी बनाए रखी गई। व्यापारिक संगठन सीटीआई के चेयरमैन बृजेश गोयल ने बताया कि शुक्रवार को दिल्ली के कश्मीरी गेट मार्केट, सरोजिनी नगर बाजार, करोल बाग, लाजपत नगर, शाहदरा, रोहिणी, झिलमिल, पीतमपुरा, नेताजी सुभाष प्लेस, कृष्णा नगर, गांधी नगर समेत दर्जनों अन्य बाजारों में दुकानदारों ने सिर्फ नकद में लेनदेन कियाा। उन्होंने यूपीआई क्यूआर कोड को ढक कर अलग रख दिया। कश्मीरी गेट बाजार में उन्होंने हाथों में पर्चे लेकर विरोध जताया।

कश्मीरी गेट मार्केट में यूपीआई भुगतान का विरोध

कश्मीरी गेट ऑटो पार्ट्स मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय नारंग ने बताया कि उनके बाजार की अधिकांश दुकानों पर यूपीआई भुगतान नहीं लेने के कारण ग्राहकों को वापस लौटना पड़ा। करोल बाग मोबाइल एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय सोनी और टैंक रोड़ मार्केट के महासचिव राजेश आहूजा ने भी अपने अपने बाजारों में नो-यूपीआई डे की इस मुहिम का नेतृत्व किया। उन्होंने केंद्र सरकार से यूपीआई भुगतान पर एमडीआर लागू करने का प्रस्ताव वापस लिए जाने की मांग की।

विभिन्न व्यापारिक संगठनों का विरोध

इन संगठनों ने किया विरोध

चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री, भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, दिल्ली व्यापार महासंघ, फेडरेशन ऑफ ट्रेड एसोसिएशंस, फेडरेशन ऑफ ट्रेड इंडस्ट्रीज ऑफ इंडिया, ऑल इंडिया बुलियन एंड ज्वैलरी एसोसिएशन, चांदनी चौक दरीबा ज्वैलरी एसोसिएशन, ऑटोमोटिव पार्ट्स मर्चैट एसोसिएशन, लाजपत नगर ट्रेडर्स एसोसिएशन, सरोजिनी नगर शाॅपकीपर एसोसिएशन, करोल बाग मोबाइल एसोसिएशन, कन्फेडरेशन ऑफ सदर बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन, नबी करीम मार्केट एसोसिएशन , कीर्ति नगर मार्केट एसोसिएशन आदि

सरोजिनी नगर बाजार में काले कपड़े से ढके यूपीआई क्यूआर कोड

समय: दोपहर 1:30 बजे

स्थान: सरोजिनी नगर बाजार

रेडीमेड गारमेंट के प्रमुख बाजार सरोजिनी नगर मार्केट में नो-यूपीआई डे का अभियान सबसे ज्यादा नजर आया। यहां दुकानदारों ने अपने यूपीआई क्यूआर कोड काले कपड़े से ढक दिए और नकद लेनदेन किया। दुकानदार इस विरोध का कारण ग्राहकों को भी बता रहे थे। उनका कहना था कि अगर यूपीआई भुगतान पर 0.4 फीसदी एमडीआर लागू किया गया तो किसी न किसी रूप में इसका बोझ ग्राहकों पर ही पड़ेगा। दुकानदार अपनी लागत में बढ़ाकर उत्पादों के दाम बढ़ा देगा। इससे पहले भी जितनी तरह के टैक्स या शुल्क लगाए गए, सभी ग्राहकों से ही वसूले जा रहे हैं। सरोजिनी नगर मिनी मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक रंधावा ने बताया कि सरोजिनी नगर बाजार में 500 से ज्यादा दुकानदारों ने अपनी अपनी यूपीआई मशीन को काले कपड़े से ढककर इससे लेनदेन का बहिष्कार किया।उनका कहना है कि सरकार ने मांगें नहीं मानीं तो 14 अक्तूबर को सभी दुकानदार यूपीआई क्यूआर कोड स्थायी रूप से हटा देंगे।

रोहिणी में यूपीआई भुगतान का विरोध

एमडीआर के विरोध में नहीं लिया यूपी आई से भुगतान

स्थान : डीसी चौक, रोहिणी

समय : दोपहर 3.30 बजे

रोहिणी के डीसी चौक स्थित परिसर में विभिन्न खान-पान में अन्य वस्तुओं की दुकान मौजूद है इस परिसर में हर दिन सैकड़ो की संख्या मेंलोग आते हैं। शुक्रवार को सुबह से लेकर शाम तक कहीं दुकानदारों ने लोगों को खान-पान के ऑर्डर के लिए नगद भुगतान करने की बात कहा। दुकानदार शुभम ने कहा कि मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) के तहत दो हजार रुपये से अधिक राशि पर यूपीआई पेमेंट करने पर 0.4 शुल्क लगाया जाना ठीक नहीं। हम इसका विरोध कर रहे हैं। व्यापारी संगठनों की ओर से यूपीआई डे मनाने की घोषणा का भी हम स्वागत करते हैं। उपभोक्ताओं से अनुरोध कर रहे हैं कि वह नगद राशि में अपने आर्डर का भुगतान करें। ग्राहक अभिषेक खुराना ने कहा कि यूपीआई भुगतान के जरिए डिजिटल अर्थव्यवस्था की तरह हम बढ़ रहे हैं। अब अगर इस पर शुल्क लगाया जाता है तो दुकानदारों पर इसका असर पड़ेगा। यह असर बाद में घूम फिर कर नागरिकों पर ही आएगा।

गोल मार्केट में यूपीआई भुगतान के साथ दुकानदार

गोल मार्केट में यूपीआई क्यूआर कोड से भुगतान लेते नजर आए दुकानदार

स्थान : गोल मार्केट

समय : दोपहर 2:45 बजे

गोल मार्केट में यूपीआई भुगतान को लेकर दुकानदारों में विरोध का असर जमीन पर ज्यादा दिखाई नहीं दिया। बाजार की ज्यादातर दुकानों पर दुकानदार ग्राहकों से यूपीआई के जरिए भुगतान लेते नजर आए। अधिकांश काउंटर पर लगे यूपीआई क्यूआर कोड सामान्य रूप से इस्तेमाल होते दिखे।

फल विक्रेता विदुष गुप्ता ने बताया कि बड़ी संख्या में ग्राहक खरीदारी के बाद यूपीआई से ही भुगतान करना पसंद करते हैं। उन्होंने कहा कि दुकान पर आने वाले करीब 80 से 90 प्रतिशत ग्राहक डिजिटल भुगतान का विकल्प चुनते हैं। ऐसे में यूपीआई लेना बंद करने का सीधा असर बिक्री पर पड़ सकता है। वैसे भी यूपीआई पर जो चार्ज लगेगा वो धंधे को प्रभावित नहीं करने वाला। लेकिन एक ग्राहक भी दुकान से दूर होता है, धंधे के लिए सही नहीं है। विदुष ने बताया कि हम दुकानदार हैं, रोजाना यही रहना है ऐसे में विरोध किस बात का। जब यहा सब यूपीआई से भुगतान लेना बंद करेंगे, तब हम भी कर लेंगे।

वहीं, मिठाई के दुकानदार नारायण ने कहा कि हमें सरकार की मानसिकता समझ नहीं आती। शुरू से ही भुगतान पर शुल्क लेती तो आज यह विरोध की नौबत नहीं आती। पहले फ्री करके, फॉर चार्ज लेना लोगों को बेचैन कर रहा है। नारायण कहते हैं कि शुल्क को लेकर किसी व्यापारी पर बोझ नहीं पड़ने वाला। सभी अपने हिसाब से पूर्ति कर लेंगे।

शाहदरा में छोटे दुकानदारों की स्थिति

छोटे दुकानदारों ने यूपीआई से ली पेमेंट

स्थान: शाहदरा मुख्य बाजार

समय: दोपरह दो बजे

शाहदरा छोटा बाजार में शुक्रवार को पटरी पर लगी दुकान व बड़ी दुकानों में यूपीआई से भुगतान लिया गया। हालांकि दो अक्तूबर का अवकाश होने के चलते आज यहां पटरी बाजार ही ज्यादा लगा नजर आया।यहां दुकानों पर क्यूआर कोड पर काला कपड़ा नहीं डाला गया। दुकानदारों का कहना था कि लोगों को अब अपने पास नगदी रखने की आदत नहीं रही है। ऐसे में अगर उन्होंने यूपीआई से पेमेंट नहीं ली तो आज उनकी दुकानदारी पूरी तरह बंद रहती। कुछ दुकानदारों ने बताया कि उन्होंने ग्राहकों से नगदी देने को कहा। उनमें से कुछ ही लोगों ने नगदी से खरीददारी की। अधिकांश लोगों ने ऑनलाइन पेमेंट पर ही सामान खरीदने का जवाब दिया। इसके चलते उन्हें यूपीआई से भुगतान कराना पड़ा।

शाहदरा छोटे बाजार में किराने की दुकान चलाने वाले रामधन का कहना था कि उन्होंने सुबह जब दुकान खोली तो कई लोगों से नगदी देने को कहा, लेकिन अधिकतर ग्राहकों का कहना था कि उनके पास नगदी नहीं है। रामधन का कहना है कि उनकी दुकान में तीन लड़के काम करते हैं। अगर आज वह यूपीआई से पेंमेंट को पूरी तरह रोक देते तो आज का दुकान का खर्च नहीं निकलता।

लक्ष्मी नगर में यूपीआई भुगतान

यूपीआई से भुगतान लेते नजर आए दुकानदार

स्थान : लक्ष्मी नगर मेन मार्केट

समय: 1:30 बजे

लक्ष्मी नगर मेन मार्केट में ज्यादातर दुकानों पर लोग यूपीआई से भुगतान लेते नजर आए। चुनिंदा दुकानों को छोड़कर अधिकतर दुकानों पर यूपीआई क्यूआर कोड पर काला कपड़ा नहीं था। कपड़ा दुकानदार हरीश ने बताया कि यूपीआई से भुगतान के लोग आदी हो चुके हैं। 90 प्रतिशत ग्राहक इसी से भुगतान करते हैं। उनके पास कैश ज्यादा नहीं होता। ऐसे में इससे दूरी बनाकर रखना मुमकिन नहीं है। जब एमडीआर लागू होगा तो देखा जाएगा। दुकानदारों का कहना है कि अगर एमडीआर लागू हुआ तो लागत बढ़ेगी, तब आगे की रणनीति तय की जाएगी। दुकानदार एनसी गर्ग का कहना है कि विरोध के चक्कर में ग्राहक से यूपीआई पेमेंट लेने से मना करना ठीक नहीं है। मना करने का मतलब ग्राहक को लौटाना। ग्राहक तभी इस पेमेंट मोड़ को तभी चुनता है, जब उसके पास नगद कम हो।

सामान्य प्रश्न

✦नो-यूपीआई डे कब मनाया गया?−
नो-यूपीआई डे शुक्रवार को मनाया गया।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Navratri 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsकहीं यूपीआई से नहीं लिया गया भुगतान तो कहीं छोटी रकम के लेनदेन जारी रहे