आठ अक्तूबर को सड़क पर उतरेगा इंडिया गठबंधन
लोहरदगा में विपक्षी इंडिया गठबंधन ने लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा के लिए आंदोलन की घोषणा की है। 8 अक्टूबर को 'मत बचाओ, देश बचाओ' मार्च का आयोजन किया जाएगा, जो वीर बुधु चौक से शुरू होकर बाबा साहेब डा भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचेगा। नेताओं ने लोकतंत्र के खिलाफ खतरे पर चिंता व्यक्त की।

लोहरदगा, संवाददाता। लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा की बात कहते हुए लोहरदगा में विपक्षी इंडिया गठबंधन ने आंदोलन की घोषणा की है। गठबंधन के घटक दलों की संयुक्त बैठक के बाद सोमवार को आयोजित साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेताओं ने घोषणा की कि आठ अक्तूबर को लोहरदगा जिला मुख्यालय में वोट बचाओ, देश बचाओ मार्च निकाला जाएगा। मार्च मैना बगीचा स्थित वीर बुधु चौक से शुरू होकर समाहरणालय परिसर स्थित बाबा साहेब डा भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचेगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुखैर भगत ने कहा कि इंडिया गठबंधन के शीर्ष नेतृत्व की दिल्ली में एसआईआर को लेकर बैठक हुई थी।
उसी बैठक से मिले दिशा-निर्देशों के आधार पर लोहरदगा में गठबंधन के सभी घटक दलों की बैठक कर आंदोलन की रणनीति तय की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस के प्रभाव में देश की संवैधानिक संस्थाओं के कामकाज पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने चुनाव आयोग, सीबीआई और ईडी जैसी संस्थाओं की स्वतंत्रता और निष्पक्षता को लोकतंत्र के लिए आवश्यक बताते हुए कहा कि मतदाता के अधिकारों की रक्षा करना विपक्ष की बड़ी जिम्मेदारी है। आठ अक्तूबर का मार्च लोकतंत्र और संविधान में विश्वास रखने वाले लोगों की सामूहिक आवाज बनेगा।भाकपा माले नेता महेश सिंह ने कहा कि देश में लोकतंत्र पर मंडरा रहे खतरे और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ गठबंधन पूरी तरह एकजुट है। आम जनता के अधिकारों की लड़ाई केवल सदन तक सीमित नहीं रह सकती । जरूरत पड़ने पर सड़क पर उतरकर भी संघर्ष करना होगा। आठ अक्तूबर के मार्च को जनआंदोलन का रूप देने का आह्वान किया।

