गुरपा-गझंडी टनल की ऊंचाई बढ़ी, एनटीपीसी को अब तेज मिलेगी कोयला आपूर्ति
कोडरमा हमारे प्रतिनिधि धनबाद रेल मंडल के अंतर्गत कोडरमा गया रेलखंड के गुरपा-गझंडी घाट सेक्शन में अब कोयले से लदे बीओबीआर वैगन का परिचालन शुरू हो गया

कोडरमा हमारे प्रतिनिधि । धनबाद रेल मंडल के अंतर्गत कोडरमा गया रेलखंड के गुरपा-गझंडी घाट सेक्शन में अब कोयले से लदे बीओबीआर वैगन का परिचालन शुरू हो गया है। करीब 119 वर्ष पुराने इस रेलखंड की तीन सुरंगों की सीमित ऊंचाई के कारण आधुनिक बीओबीआर वैगन चलाना संभव नहीं था। अब सुरंगों के रीडिजाइन और डाइमेंशन बढ़ाने का काम पूरा कर लिया गया है। सुरंगों की उँचाई की बाधा दूर होने के साथ ही जीसी खंड पर कोयला परिवाहन तेज सक्षम सुगम हो गया है। मालूम हो कि पूर्व में बीओबीआर वैगन बड़काकाना रूट से होकर चलती थी। हजारीबाग जिला मुख्यालय के हजारीबाग टाउन स्टेशन के बनादाग साईडिंग से कोडरमा के रास्ते उक्त ट्रेनें संचालित होगी।
अब इस मार्ग से कोयले की नियमित माल ढुलाई शुरू हो गई है। कोडरमा गया रेल नए मार्ग से धनबाद से बाढ़ एनटीपीसी तक अप-डाउन में करीब 250 किलोमीटर की दूरी कम होगी। इससे मालगाड़ियों को लगभग 5 घंटे समय की बचत होगी। मार्ग छोटा होने से कोयले की आपूर्ति अधिक तेज और प्रभावी होने की उम्मीद है।


