ऑपरेशन बज्र के तहत साइबर ठगी के मामले में एक और मुकदमा दर्ज
पुलिस महानिदेशक के आदेश पर ऑपरेशन बज्र के तहत गजरौला थाने में साइबर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। उपनिरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि संदिग्ध बैंक खाते से 35,000 रुपए निकाले गए, जो ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से संबंधित थे। आरोपी लीलावती ने आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम से पूरी राशि निकाली।

पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन बज्र के तहत गजरौला थाना पुलिस को साइबर धोखाधड़ी से जुड़े एक मामले में कानूनी कार्रवाई की है। बैंक में संदिग्ध खाताधारक के खाते से हुई रकम निकासी के मामले में दरोगा की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। थाना गजरौला में तैनात उपनिरीक्षक अमित कुमार ने थाना गजरौला में रिपोर्ट दर्ज करवाई। जिसमे कहा गया कि संदिग्ध बैंक खातों और एटीएम धारकों की जांच के दौरान बैंक ऑफ बड़ौदा की कैंच शाखा के एक खाते में 14 अक्टूबर 2024 को 35 हजार रुपए की संदिग्ध धनराशि प्राप्त होने का मामला सामने आया।
जांच में पता चला कि यह राशि ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से संबंधित थी, जिसकी शिकायत पहले से ही एनसीआरबी पोर्टल पर दर्ज थी। आरोप है कि खाताधारक लीलावती, पत्नी डालचंद्र, निवासी ग्राम कैंच, ने उक्त धनराशि प्राप्त करने के बाद आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम के माध्यम से अलग-अलग तिथियों में पूरी रकम निकाल ली। थाना प्रभारी गजरौला ब्रजवीर सिंह ने बताया कि उपनिरीक्षक की तहरीर पर साइबर एक्ट और ठगी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कीगई है।


