चोरी की 15 बाइकों व पुर्जों के साथ चार गिरफ्तार
अमेठी में ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत, पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिनके पास 15 चोरी की बाइक्स और अन्य पुर्जे मिले। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया। गिरफ्तार किए गए लोगों में ताजीर और फैसल शामिल हैं, जो विभिन्न क्षेत्रों से बाइक्स चुराते थे और उन्हें कबाड़ कारोबारी को बेचते थे।

अमेठी। जनपद में चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत गौरीगंज पुलिस, एसओजी व जामो पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर चोरी की 15 बाइकों (आठ सही व सात कटी हुई बाइकों के पुर्जे) के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। केस दर्जकर पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया। इस कार्रवाई पर एसपी ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है। शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में वाहन चोरी गिरोह का खुलासा करते हुए एसपी सरवणन टी ने बताया कि आपरेशन चक्रव्यूह के तहत चेकिंग के दौरान एसएचओ गौरीगंज रवि कुमार सिंह, एसओजी प्रभारी अनूप सिंह व जामो पुलिस की टीम ने दो बाइक पर सवार चार युवकों को रोककर पूछताछ की तो वे वाहनों के कागजात नहीं दिखा सके और दोनों बाइकें चोरी की निकलीं।
जिसके बाद पुलिस ने चारों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान दिनेश कुमार अग्रहरि निवासी मूंघी जामो, मो. वासिद निवासी सूखी बाजगढ़ जामो, मो. ताजीर उर्फ महताब निवासी अजबगढ़ जामो और फैसल खान निवासी अजबगढ़ जामो के रूप में हुई।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ताजीर और फैसल विभिन्न क्षेत्रों से बाइकें चोरी करते थे। चोरी की बाइकें मो. वासिद के माध्यम से कबाड़ कारोबारी दिनेश अग्रहरि को पांच हजार रुपये प्रति बाइक में बेची जाती थी। दिनेश अपने घर के गोदाम में बाइक के इंजन, चेसिस, टायर और अन्य पुर्जे अलग कर उन्हें कानपुर में बेच देता था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने गोदाम से छह सही बाइकें तथा सात अन्य बाइकों के भारी मात्रा में कटे हुए कलपुर्जे बरामद किए। एसपी ने बताया कि इस गिरोह ने हाल के दिनों में सैंठा ओवरब्रिज गौरीगंज, नंद महर बाजार, मवई बाजार तथा जनापुर समेत कई स्थानों से बाइकें चोरी की थीं। बाइकों की बरामदगी के आधार पर गौरीगंज, जामो और जायस थानों में दर्ज मुकदमों में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। मो. ताजिर व फैसल खान के विरुद्ध पूर्व से मुकदमें दर्ज हैं।


