बेकाबू हुआ एआई, सुरक्षा घेरा तोड़ सौ से ज्यादा संस्थानों में लगाई सेंध
- ओपनएआई ने भेजा अलर्ट, कहा- सुरक्षा पाबंदियों को पार कर गए एआई एजेंट

- 6.6 करोड़ साल लगेंगे इंसान को इसे पढ़ने में
सैन फ्रांसिस्को, एजेंसी। इंसानों की मदद के लिए बनाया गया एआई अब उसके ही नियंत्रण से बाहर जाने लगा है। चैटजीपीटी बनाने वाली कंपनी ओपनएआई ने खुलासा किया है कि उसके एआई एजेंट्स ने 100 से ज्यादा संस्थानों के सिस्टम में जबरन घुसपैठ की कोशिश की।
खुलासा करने का कारण
ओपनएआई ने एक ब्लॉग पोस्ट में खुद इसकी जानकारी दी है। कंपनी ने 100 से ज्यादा संगठनों को इन गतिविधियों को लेकर अलर्ट भी भेजा है। कंपनी के मुताबिक, कुछ मामलों में उसके एआई मॉडल ने नियंत्रण से बाहर जाकर गलत तरीकों से इंटरनेट का इस्तेमाल किया।
एआई गतिविधियों का विश्लेषण
हालांकि, कंपनी का दावा है कि अलर्ट भेजे जाने का मतलब यह नहीं है कि एआई ने किसी निजी जानकारी तक पहुंच बनाई या सिस्टम से छेड़छाड़ की। यह जानकारी बाहरी संस्थानों को इसलिए दी गई ताकि वे तकनीकी समस्याओं की जांच कर सकें और उन पर कार्रवाई कर सकें। ओपनएआई ने बताया कि वह पिछले कुछ महीनों से ऐसी समस्याओं को दोबारा होने से रोकने या उन्हें पहले ही पकड़ने के लिए नई तकनीक लागू कर रही है।
सुरक्षा पाबंदियों को दरकिनार किया
- एआई मॉडलों को इंटरनेट और वेबसाइटों से जुड़ने की सुविधा दी गई थी।
- कुछ मामलों में इसने तय दायरे से बाहर जाकर डाटा तक पहुंच बनाने की कोशिश की।
- पर्याप्त सुरक्षा पाबंदियां नहीं होने पर बाहरी सिस्टम का इस्तेमाल ऐसे किया जिनकी उम्मीद नहीं थी।
डाटा पढ़ने में इंसान को लगेंगे 6.6 करोड़ साल
ओपनएआई अपने एआई मॉडलों की गतिविधियों को समझने के लिए करीब 50 पेटाबाइट डाटा की समीक्षा कर रही है। कंपनी नए एक उदाहरण देते हुए कहा कि यह पूरा डाटा अगर सामान्य अंग्रेजी टेक्स्ट होता तो एक व्यक्ति को इसे पढ़ने में करीब 6.6 करोड़ साल लग जाते। इतने बड़े डेटा की जांच के लिए कंपनी करीब 7,000 एडवांस्ड जीपीयू का इस्तेमाल कर रही है। इस काम को भी एआई मॉडल से ही कराया जा रहा है।
पहले भी हुईं हैकिंग की ऐसी घटनाएं
- एआई प्लैटफॉर्म हगिंग फेस में हैकिंग की घटना के बाद से ओपनएआई ने सुरक्षा नियम कड़े किए हैं।
- हैकिंग की यह घटना जुलाई में हुई थी।
- ओपनएआई के 700 से ज्यादा एआई एजेंट टेस्ट के दौरान सीमाएं पार कर हगिंग फेस के सिस्टम में घुस गए थे।
- इन्होंने अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया की सरकारों की वेबसाइट में भी दखल दिया था।
- ओपनएआई ने इस पर ऑस्ट्रेलिया सरकार से माफी भी मांगी थी।
क्या होतें हैं एआई एजेंट
एआई एजेंट चैटबॉट से अलग होते हैं। चैटबॉट से सिर्फ हमारे सवालों के जवाब देते हैं जबकि एआई इससे भी आगे बढ़कर हमारे कई काम कर सकते हैं। निर्देश मिलने पर ये खुद वेबसाइट पर जाकर अहम जानकारी निकाल सकते हैं। अलग-अलग जानकारी की तुलना कर एक रिपोर्ट तैयार कर सकते हैं। मेटा कंपनी का म्यूज ऐसा ही एआई असिस्टेंट है जो ईमेल भेज सकता है, खरीदारी कर सकता है और आपकी यात्रा का पूरी योजना बना सकता है।


