एलएलबी की खाली सीटों पर 14 सितंबर तक पंजीकरण का मौका
गाजियाबाद, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने लॉ पाठ्यक्रमों में दाखिलों की धीमी रफ्तार के चलते पंजीकरण फिर से खोल दिए हैं। छात्रों को 14 सितंबर तक पंजीकरण कराने और आवेदन में संशोधन का मौका दिया गया है। जिले में 40% तक सीटें खाली हैं, जिससे वंचित छात्र इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।

गाजियाबाद, गुलशन भारती। लॉ पाठ्यक्रमों में दाखिलों की धीमी रफ्तार को देखते हुए चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने फिर से पंजीकरण खोल दिए हैं। यह मौका ऐसे छात्रों के लिए बेहतर अवसर है जो कानून की पढ़ाई करना चाहते हैं, लेकिन किसी वजह से पंजीकरण नहीं करा पाए थे। जिले के एमएमएच कॉलेज में एलएलबी की 48 सीटें रिक्त हैं, जबकि कई निजी संस्थानों में भी 40 फीसदी तक सीट खाली हैं। ऐेसे में वंचित छात्र इस मौके का फायदा उठा सकते हैं। विश्वविद्यालय के मुताबिक पंजीकरण से छूटे छात्र 14 सितंबर तक पंजीकरण करा सकते हैं। 14 सितंबर तक ही पंजीकृत छात्र अपने आवेदन में संशोधन भी कर सकते हैं। वहीं, पहले से पंजीकृत, लेकिन अप्रवेशित और नए पंजीकृत विद्यार्थी अपने पंजीकरण वाले कॉलेज में 12-15 सितंबर तक फॉर्म की हार्ड कॉपी जमा करा दें। 16 सितंबर को प्राप्त आवेदनों से मेरिट तैयार कर कॉलेज ऑफर लेटर भेजेंगे और 17 सितंबर को दाखिले होंगे। इसके बाद जो सीट खाली बचेंगी उसके लिए 17 सितंबर को प्रतीक्षा सूची तैयार की जाएगी और 18 सितंबर के ऑफर लेटर भेजे जाएंगे। इसके बाद रिक्त सीटों पर फिर से 18 सितंबर को ही दूसरी प्रतीक्षा सूची जारी होगी और 19 सितंबर का ऑफर लेटर भेजकर दाखिले लिए जाएंगे。
सीटों की स्थिति
जिले में करीब 26 कॉलेज हैं जहां एलएलबी तीन वर्षीय पाठ्यक्रम की पढ़ाई होती है। वहीं, करीब 30 कॉलेजों में बीए एलएलबी और बीकॉम की पढ़ाई होती है। यहां तीन विषयों में लगभग साढ़े चार हजार से अधिक सीटें हैं। वहीं, एमएमएच में एलएलबी की 132 सीटें हैं। तीन मेरिट के बाद भी यह सीटें नहीं भर पाई हैं। एमएमएच में जहां 84 दाखिले हुए हैं, वहीं निजी कॉलेजों में भी 40 फीसदी तक सीटें रिक्त हैं। छात्र बीए एलएलबी, बीकॉम-एलएलबी और एलएलबी तीन वर्षीय पाठ्यक्रमों में 14 सितंबर तक ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं।
स्नातक-परास्नातक की सीटें
ओपन मेरिट से भरी जाएंगी स्नातक-परास्नातक की सीटें। स्नातक एवं परास्नातक के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पंजीकृत, लेकिन अप्रवेशित विद्यार्थियों को भी 14 सितंबर तक अपने पंजीकरण फॉर्म की हार्डकॉपी कॉलेजों में जमा करानी होगी। यह कॉपी केवल उन्हीं कॉलेजों में जमा होगी जहां छात्रों ने पहले से ऑनलाइन पंजीकरण कराया हुआ है। दूसरे कॉलेज या विभाग में छात्रों को पंजीकरण फॉर्म कॉपी जमा कराने की छूट नहीं हेागी। कॉलेज प्राप्त आवेदनों से 15 सितंबर को मेरिट तैयार करते हुए ऑफर लेटर भेजेंगे। 16-17 सितंबर को दाखिले होंगे। इसके बाद रिक्त सीटों पर 17 को ही अंतिम प्रतीक्षा सूची बनाई जाएगी और 18 सितंबर को दाखिले होंगे। छात्र 14 सितंबर तक अपने शैक्षिक सूचना एवं भारांक में भी संशोधन भी कर सकते हैं।

