अमित शाह ने असम में कहा, सिर्फ मोदी ही देश की सीमाओं की हिफाजत कर सकते हैं
भाजपा प्रमुख अमित शाह ने बृहस्पतिवार को असम की पिछली कांग्रेस सरकार पर राज्य में घुसपैठियों को बसाने का आरोप लगाया। शाह ने पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठनों द्वारा मारे गये भारतीय जवानों का बदला लेने...
भाजपा प्रमुख अमित शाह ने बृहस्पतिवार को असम की पिछली कांग्रेस सरकार पर राज्य में घुसपैठियों को बसाने का आरोप लगाया। शाह ने पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठनों द्वारा मारे गये भारतीय जवानों का बदला लेने और देश की सीमाओं की सुरक्षा के लिए नरेंद्र मोदी सरकार की प्रशंसा की। असम में दो चुनावी जनसभाओं को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि अगर भाजपा केन्द्र में दोबारा सरकार बनाती है तो घुसपैठिये तो छोड़िये, असम में गैरकानूनी तरीके से ''किसी चिड़िया को भी घुसने नहीं दिया जाएगा।" उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा ही देश की सुरक्षा कर सकती है और यह काम कांग्रेस या इसके अध्यक्ष राहुल गांधी नहीं कर सकते।
शाह ने कलियाबोर और टोक में चुनावी जनसभाओं में कहा, ''अपने पांच साल के कार्यकाल में, मोदी ने बहुत विकास किया है। लेकिन उन्होंने सबसे ज्यादा देश और इसकी सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की। उनके नेतृत्व में, भारत ने पाकिस्तानी आतंकी तत्वों द्वारा किये गये उड़ी और पुलवामा हमलों में शहीद हमारे सैनिकों के खून का बदला लिया।" भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि मोदी के नेतृत्व में भारत के प्रति विश्व के नजरिये में बड़ा बदलाव आया है।
एयर स्ट्राइक के बाद भारत के पक्ष की बात नहीं कर रहे कांग्रेस नेता:मोदी
शाह ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत, अमेरिका और इस्राइल के बाद दुनिया का केवल तीसरा देश है जिसने दुश्मनों द्वारा बहाये अपने सैनिकों के खून का तुरंत बदला लिया। उन्होंने कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के 40 जवानों की मौत के बीच पाकिस्तान के बालाकोट में भारतीय वायुसेना के हमले से हुए नुकसान का सबूत मांगने पर कांग्रेस की आलोचना की। शाह ने आरोप लगाया कि तरुण गोगोई के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने असम में काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान और 16वीं सदी के वैष्णव मठों में घुसपैठियों को बसाया।
भाजपा उम्मीदवार और राज्य मंत्री तपन कुमार के लिए जोरहाट के टोक में एक अन्य रैली को संबोधित करते हुए शाह ने गोगाई पर बेटे गौरव की आगामी लोकसभा चुनावों में जीत सुनिश्चित करने के लिए एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल के साथ गुप्त समझौता करने का आरोप लगाया।
शाह ने कहा कि गोगोई और अजमल दिन में लोगों को यह दिखाने के लिए लड़ते हैं कि वे विरोधी हैं लेकिन ''रात में इलू-इलू" करते हैं।
वर्ष 1990 के दशक की शुरुआत में आई हिन्दी फिल्म 'सौदागर के एक गाने में 'आई लव यू' के लिए इसके छोटे रूप 'इलू' शब्द का इस्तेमाल किया गया था जो खूब चर्चित हुआ था। कांग्रेस के खिलाफ अपना हमला जारी रखते हुए शाह ने कहा, ''इसका क्या मतलब है? इसका मतलब यह हुआ कि उनकी (तरुण गोगोई और बदरुद्दीन अजमल) योजना गोगोई के बेटे गौरव की जीत के लिए असम को घुसपैठियों से भरने की है।" भाजपा ने असम में कांग्रेस के खिलाफ मुहित छेड़ते हुए आरोप लगाया है कि उसका एयूआईडीएफ से गुप्त समझौता है। अजमल की पार्टी ने घोषणा की थी कि वह असम में कुल 14 में से केवल तीन सीटों पर चुनाव लड़ेगी। गौरव कालियाबोर सीट से सांसद हैं और वह इसी सीट से फिर से चुनावी मैदान में हैं।