ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र अब ई-डिस्ट्रिक्ट से बनेगा
तहसीलों के चक्कर लगाने से मिलेगा छुटकारा डिजिटल नंबर से सत्यापन भी आसानी

वाराणसी, हिटी। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) का प्रमाणपत्र बनवाने के लिए आवेदकों को तहसील के चक्कर नहीं लगाने होंगे। अब आवेदन से प्रमाणपत्र जारी होने तक की प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी गई है। इसकी जिम्मेदारी कलक्ट्रेट स्थित ई-डिस्ट्रिक्ट ऑफिस को दी गई है। यह व्यवस्था 16 सितंबर से शुरू हो गई है। नई व्यवस्था के तहत आवेदक स्वयं या जनसेवा केंद्र के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के बाद उसकी स्थिति भी ऑनलाइन देखी जा सकेगी। प्रमाणपत्र जारी होने पर आवेदक ऑनलाइन ही उसे प्राप्त कर सकेगा। अब तक इसके लिए तहसील में आवेदन के बाद आय और पात्रता की जांच के लिए लेखपाल और राजस्व निरीक्षक स्तर तक आवेदक जाता था।
उनकी रिपोर्ट पर तहसीलदार के स्तर से प्रमाणपत्र जारी होता था। पुरानी प्रक्रिया में समय लगने के साथ आवेदकों को कई बार तहसील के चक्कर भी लगाने पड़ते थे। नई व्यवस्था में आवेदन और जांच प्रक्रिया का डिजिटल रिकार्ड सुरक्षित रहेगा। प्रमाणपत्र पर उपलब्ध यूनिक डिजिटल नंबर के आधार पर सरकारी विभाग या अन्य संस्था जरूरत पर उसकी प्रामाणिकता जांच सकेगी। इससे फर्जीवाड़े पर भी अंकुश लगेगा।

