ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर महिला से 1.30 लाख ठगे
डुमरा में, एक महिला ने ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान रिफंड के झांसे में आकर 1.29 लाख रुपये की साइबर ठगी का सामना किया। आरोपियों ने उसे फोन पर बताया कि उसका ऑर्डर रद्द हो गया है और रिफंड पाने के लिए पैसा ट्रांसफर करना होगा। अंततः, पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।

डुमरा। ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान रिफंड का झांसा देकर एक महिला से करीब 1.29 लाख की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर साइबर थाना, डुमरा में साइबर अपराधियों पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, पीड़िता साधना कुमारी ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से 599 की चिकनकारी कुर्ती ऑर्डर की थी। ऑर्डर के बाद एक व्यक्ति ने फोन कर बताया कि उनका ऑर्डर रद्द हो गया है और रिफंड पाने के लिए कुछ राशि ट्रांसफर करनी होगी। शुरुआत में छोटी रकम भेजने के बाद आरोपी ने तकनीकी समस्या व बैंक संबंधी दिक्कतों का हवाला देकर बार-बार अलग-अलग कारण बताते हुए कई किस्तों में पैसे ट्रांसफर करवा लिए।
पीड़िता ने दो बैंक खातों से कुल 1,29,788.99 भेज दिए। इसके बावजूद न तो रिफंड मिला और न ही भेजी गई राशि वापस हुई। बाद में आरोपी ने 2,999 और भेजने की मांग की, तब पीड़िता को अपने साथ साइबर ठगी होने का एहसास हुआ।पीड़िता ने बताया कि उसने 13 अगस्त को राष्ट्रीय साइबर पोर्टल पर भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी और बैंक स्टेटमेंट, ट्रांजेक्शन आईडी, स्क्रीनशॉट व अन्य आवश्यक दस्तावेज पुलिस को उपलब्ध कराने की बात कही है। साइबर थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर साइबर अपराधियों की पहचान में जुटी है। साथ ही ठगी गई राशि को फ्रीज कराकर पीड़िता को वापस दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


