बीज विक्रेताओं का विकसित साथी पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य
कुशीनगर में केंद्र सरकार द्वारा किसानों को उच्च गुणवत्ता व शुद्ध बीज प्रदान करने के लिए साथी पोर्टल पर सभी बीज विक्रेताओं का ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि यह कदम बीज की गुणवत्ता को सुनिश्चित करने के लिए है। पंजीकरण की प्रक्रिया में तकनीकी समस्या होने पर जिला कृषि कार्यालय जाने की सलाह दी गई है।

कुशीनगर। किसानों को उच्च गुणवत्ता व शुद्ध बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा तैयार विकसित साथी पोर्टल पर जिले के सभी बीज विक्रेताओं का ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। जिला कृषि अधिकारी संजीव कुमार सिंह ने बताया कि इस व्यवस्था का उद्देश्य बीज उत्पादन, भंडारण, परिवहन, वितरण व बिक्री प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी, डिजिटल तथा ट्रेसेबल बनाना है, जिससे बीज की गुणवत्ता व प्रामाणिकता का सत्यापन सरल और प्रभावी हो सके। उन्होंने जिले के सभी पंजीकृत बीज विक्रेताओं को निर्देशित किया गया है कि वे अपने बीज लाइसेंस, पैन कार्ड, आधार विवरण, जीएसटी विवरण व प्रतिष्ठान से संबंधित अन्य आवश्यक अभिलेख अपने लॉग-इन आईडी तथा पासवर्ड के माध्यम से विकसित साथी पोर्टल पर अपलोड कर दें।यदि
पंजीकरण व दस्तावेज अपलोड करने में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या आती है, तो जिला कृषि कार्यालय में उपस्थित होकर उसका निराकरण करा सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि 25 जुलाई तक प्रत्येक दशा में पूर्ण कर लिया जाए। निर्धारित समयावधि के भीतर पोर्टल पर आवश्यक प्रक्रिया पूरा नहीं करने वाले बीज विक्रेताओं के विरुद्ध लाइसेंस निलंबन अथवा निरस्तीकरण की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


