परंपरा वही, अंदाज नया..पितृपक्ष में ऑनलाइन दान का बढ़ा चलन
हिंदू धर्म में पितृपक्ष के दौरान दान का विशेष महत्व है। ऑनलाइन दान में वृद्धि हुई है, जहां लोग वृद्धों और गोसेवा के लिए दान कर रहे हैं। विभिन्न योजनाएं हैं, जैसे गाय को गोद लेना और पितृ तर्पण के लिए दान देना। अमेरिका से भी दान भेजे जा रहे हैं।

नपुर, प्रमुख संवाददाता। हिंदू धर्म में पितृपक्ष के दौरान दान करने का विशेष महत्व है। मान्यता है कि पितरों की आत्मा की शांति, उनका आशीर्वाद प्राप्त करने और जीवन से पितृ दोष को दूर करने का सबसे प्रभावी माध्यम दान है। अब इस धार्मिक कर्मकांड में भी ऑनलाइन दान का चलन बढ़ा है। जानकारों के मुताबिक दो साल में 15 से 20 प्रतिशत लोगों की वृद्धि हुई है। वेबसाइट और ऐप के माध्यम से कोई वृद्धों के भोजन के लिए दान कर रहा तो कोई उनकी देखभाल के लिए। इतना ही नहीं, गोसेवा के लिए भी दान के अलग-अलग पैकेज ऑनलाइन मौजूद हैं₹। एक वेबसाइट पर गाय को चारा देने के लिए 1500 रुपये, बीमार गायों की खातिर एम्बुलेंस सेवा के 640 रुपये प्रति यूनिट, ब्राह्मण को गौदान करना है तो 21 हजार, गायों की मेडिकल किट दान करनी है तो प्रति किट 1200 रुपये दान पैकेज मौजूद हैं। गोवंश के लिए शेड बनवाना है तो 950 रुपये प्रति शेड भी दे सकते हैं। गोवंश को गोद लेने के पैकेज अलग हैं। एक गोवंश के 251 रुपये, तीन गोवंश के 751 रुपये, पांच गौवंश के 1251 रुपये, सात गोवंश के 1751 रुपए, 21 गोवंश को गोद लेने के 5271 रुपये चार्ज किए जा रहे हैं। अगर सिर्फ दक्षिणा देनी है तो 1100 रुपये प्रति ब्रह्मण दान का भी ऑफर है। वेबसाइट का यह भी दावा है कि 11 साल पहले शुरू हुई इस वेबसाइट के माध्यम से आने वाले दान से 1.25 गोवंशों की सेवा की जा चुकी है। गोसेवा पर दान लेने वाली एक वेबसाइट यह भी दावा करती है कि उनके यहां दान देने पर इनकम टैक्स में 80 जी के तहत छूट भी क्लेम की जा सकती है।
अमेरिका तक से भेजते हैं दान
उन्नाव स्थित हनुमंत जीव आश्रय सेवा संस्थान के अध्यक्ष अखिलेश चन्द्र अवस्थी के मुताबिक उनके यहां 50 अंधी, 100 बीमार और 50 ऐसी गाय हैं, जिनका निरंतर इलाज चल रहा है। पितृपक्ष में उन्हें स्थानीय दानदाता 5-7 हजार रुपये तक दे जाते हैं। इसमें गोवंश को भोजन कराने की भी मांग होती है। कुछ दानदाता अमेरिका से उन्हें दान भेजते हैं। जो कि नियमित तो हैं ही, पितृपक्ष में भी दान करते हैं। अखिलेश के मुताबिक उनके यहां वर्तमान में 100 श्वान, 12 वानर के अलावा छह भैंसें भी हैं।
पितृ पक्ष को लेकर भी ऑनलाइन पैकेज उपलब्ध
पितृपक्ष को लेकर भी ऑनलाइन पैकेज उपलब्ध है। एक वेबसाइट पितृ तर्पण के अलावा सलाह-मशविरा के लिए 1601 रुपये चार्ज कर रही है। वहीं दो पितृों के लिए 2201 रुपये और चार पितृों के लिए 3501 रुपये चार्ज किया जा रहा है। वहीं नारायण सेवा के नाम पर 5100 रुपये का दान का विकल्प है।
वृद्धों की सेवा को लेकर भी पैकेज
एक वेबसाइट पर पितृ पूजा और भागवत मूल पाठ साथ में खाने के लिए 3000 रुपये का दान लिया जा रहा है। इसके साथ कुछ वेबसाइट्स ने खाने में भी पैकेज निकाल दिए हैं। जिसमें वृद्धों की संख्या के साथ ही 1500 से लेकर 5000 रुपये तक दान किए जा सकते हैं।


