4 अगस्त तक करें आईटीआई में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन
डीएम जसजीत कौर ने 2026-27 सत्र के लिए आईटीआई में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 04 अगस्त 2026 है। आवेदकों को ओटीपी के माध्यम से मोबाइल सत्यापन करना होगा। विभिन्न वर्गों के लिए प्रवेश पंजीकरण शुल्क अलग-अलग निर्धारित किया गया है।

डीएम जसजीत कौर ने जनपद के इच्छुक अभ्यर्थियों को अवगत कराया है कि शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए जनपद के समस्त राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में संचालित विभिन्न व्यवसायों तथा टाटा टेक्नोलॉजी के सहयोग से संचालित चार राजकीय संस्थानों के 10 दीर्घकालीन व्यवसायों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन की सुविधा 04 अगस्त 2026 की रात्रि 12:00 बजे तक उपलब्ध रहेगी। निर्धारित अवधि के बाद कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। डीएम ने कहा कि अभ्यर्थी प्रवेश के लिए वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन सबमिशन ऑफ एप्लिकेशन फॉर एडमिशन फॉर सेशन 2026-27 फॉर गवरमेंट व प्राइवेट आईटीआई लिंक के माध्यम से अपना ऑनलाइन आवेदन पत्र भर सकते हैं।
आवेदन करने से पूर्व अभ्यर्थियों को अपने मोबाइल नंबर का ओटीपी के माध्यम से सत्यापन कराना अनिवार्य होगा। डीएम ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन में हुई त्रुटियों के संशोधन के लिए अभ्यर्थियों को 48 घंटे का अवसर प्रदान किया जाएगा। प्रवेश पंजीकरण शुल्क की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 300 रुपये, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए 250 रुपये तथा समस्त महिला अभ्यर्थियों के लिए 100 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।------


