ओएनजीसी ने स्थापना दिवस में दोहराया देश सेवा का संकल्प
देहरादून में ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) ने अपने 71 वें स्थापना दिवस को मनाया। इसमें चेयरमैन अरुण कुमार सिंह ने कर्मचारियों की शहादत को याद किया और संगठन की ईमानदारी और राष्ट्र सेवा की प्रतिबद्धता पर शपथ दिलाई। यह कार्यक्रम भारत की ऊर्जा सुरक्षा में ओएनजीसी के योगदान को भी रेखांकित करता है।

देहरादून, वरिष्ठ संवाददाता। ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) ने शुक्रवार को दून स्थित मुख्यालय में 71 वां स्थापना दिवस उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर ओएनजीसी के चेयरमैन एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरुण कुमार सिंह तथा बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स उपस्थित रहे।कार्यक्रम की शुरुआत तेल भवन स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान संगठन की मजबूत नींव रखने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों के योगदान को याद किया गया। मुख्यालय परिसर में तिरंगा फहराने के बाद चेयरमैन अरुण कुमार सिंह और ओएनजीसी विदेश के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजर्षि गुप्ता ने अधिकारियों और कर्मचारियों को शपथ दिलाई।
स्थापना दिवस पर ईमानदारी, उत्कृष्ट कार्य संस्कृति और राष्ट्र सेवा के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता को दोहराया गया। कार्यक्रम में भारत की ऊर्जा सुरक्षा में ओएनजीसी के सात दशक से अधिक के योगदान को भी रेखांकित किया गया।


