एक लाख का इनामी बदमाश मुठभेड़ में घायल, सिपाही भी जख्मी
गोरखपुर में रविवार रात एसटीएफ और पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश मुस्तफिजुल रहमान घायल हुआ। मुठभेड़ में एक सिपाही भी घायल हुआ है। बदमाश पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह 2021 से फरार था। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गोरखपुर, प्रमुख संवाददाता। खोराबार थाना क्षेत्र के रामनगर करजहा में सोमवार की देर रात एसटीएफ और पुलिस से संयुक्त मुठभेड़ में गोली लगने से एक लाख रुपये का इनामी बदमाश घायल हो गया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ में एक सिपाही को भी चोट लगी है। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आजमगढ़ जिले के रहने वाले बदमाश पर एडीजी वाराणसी ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 11 बजे संदिग्ध बदमाश की घेराबंदी की गई। इस दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया।
गिरफ्तार किए गए बदमाश की पहचान मुस्तफिजुल रहमान उर्फ बाबू पुत्र जमालुद्दीन निवासी खुदनपुर, थाना मेहनगर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, चोरी, आपराधिक धमकी और पुलिस हिरासत से फरार होने सहित कुल 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2021 से वह हत्या के एक मामले में फरार चल रहा था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। वर्ष 2024 में महाराष्ट्र के अमरावती ग्रामीण जिले की पुलिस हिरासत से भी उसके फरार होने का मामला दर्ज है।मुठभेड़ में घायल मुख्य आरक्षी महेंद्र सिंह को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मौके से पुलिस ने 32 बोर की एक पिस्टल, एक मोटरसाइकिल, भारी मात्रा में कारतूस और खोखे बरामद किए हैं। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि बरामद हथियार और अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। बदमाश के आपराधिक नेटवर्क और उसके अन्य साथियों के संबंध में भी जांच शुरू कर दी गई है।


