शारदीय कृषि महाभियान का आयोजन, किसानों को उन्नत खेती की दी गई जानकारी
भवानीपुर में गुरुवार को एकदिवसीय शारदीय कृषि महाभियान का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों किसानों ने भाग लिया। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को उन्नत खेती की तकनीकों, रोगों के नियंत्रण और जैविक खेती के महत्व के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में उन्नत किस्म के बीजों का वितरण भी किया गया।

भवानीपुर, एक संवाददाता। भवानीपुर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित ई-किसान भवन में गुरुवार को एकदिवसीय शारदीय कृषि महाभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख मंटी कुमारी ने की। महाभियान में प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से पहुंचे सैकड़ों किसानों ने भाग लिया।कार्यक्रम के दौरान किसानों को कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया गया। वहीं भोला पासवान शास्त्री कृषि महाविद्यालय से आईं कृषि वैज्ञानिक डॉ. स्नेहा कुमारी एवं डॉ. चुन्नी कुमारी ने किसानों को आधुनिक एवं उन्नत खेती की तकनीकों से अवगत कराया। कृषि वैज्ञानिकों ने खरीफ मौसम की फसलों में लगने वाले विभिन्न रोगों, उनके लक्षणों तथा प्रभावी नियंत्रण के उपायों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
उन्होंने किसानों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती को अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के अत्यधिक प्रयोग से मिट्टी की उर्वरता प्रभावित होती है, जबकि प्राकृतिक एवं जैविक खेती से उत्पादन के साथ-साथ भूमि की गुणवत्ता भी सुरक्षित रहती है। उन्होंने किसानों को खेत बचाओ अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जल संरक्षण, मिट्टी संरक्षण तथा संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन को कृषि की स्थिरता के लिए आवश्यक बताया। वैज्ञानिकों ने कहा कि आधुनिक तकनीक, गुणवत्तापूर्ण बीज और वैज्ञानिक सलाह के अनुरूप खेती करने से उत्पादन बढ़ाने के साथ लागत में भी कमी लाई जा सकती है। इस अवसर पर कृषि विभाग की ओर से प्रखंड क्षेत्र के दर्जनों किसानों के बीच उन्नत किस्म के बीजों का वितरण भी किया गया। किसानों ने वैज्ञानिकों से खेती से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा कर आवश्यक सुझाव प्राप्त किए। कार्यक्रम में पूर्व प्रखंड प्रमुख डॉ. दीपक कुमार सुमन, बीस सूत्री अध्यक्ष मुकेश कुमार दिनकर, बीडीओ मनोज कुमार, आरओ सादिक अहमद, प्रखंड कृषि पदाधिकारी देवेंद्र कुमार, नोडल पदाधिकारी नीतीश भारद्वाज सहित कृषि विभाग के सभी कर्मी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।


