राष्ट्रीयकृत बैंकों में रही हड़ताल, करोड़ों का कारोबार प्रभावित

हिन्दुस्तान, साहिबगंज
share

साहिबगंज में यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर सभी राष्ट्रीय कृत बैंकों में एक दिवसीय हड़ताल हुई। बैंक कर्मचारियों ने लंबित मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया, जिससे लगभग पांच करोड़ का लेन-देन प्रभावित हुआ। अगली चरण में तीन दिवसीय हड़ताल और फिर बेमियादी आंदोलन की चेतावनी दी गई है।

राष्ट्रीयकृत बैंकों में रही हड़ताल, करोड़ों का कारोबार प्रभावित

साहिबगंज। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के आह्वान पर सभी राष्ट्रीय कृत बैंकों में शुक्रवार को एक दिवसीय हड़ताल रही। पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने समेत विभिन्न लंबित मांगों को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर शुक्रवार को बैंक कर्मचारियों व अधिकारियों ने एकदिवसीय हड़ताल की। हड़ताल में बैंक के ऑफिसर्स समेत सभी स्तर के कर्मचारियों की सहभागिता रही। इसके चलते बैंकों में ताला लटका रहा और बैंक आने वाले ग्राहकों को बैरंग वापस लौट जाना पड़ा। इससे सबसे अधिक परेशान बुजुर्ग पेंशनधारियों को हुई। कुछ ऐसे भी ग्राहक थे जिन्हें इलाज आदि के लिए बड़ी रकम निकासी की जरुरत थी। बैंक हड़ताल के चलते मायूस लौट गये। जिला में विभिन्न राष्ट्रीयकृत बैंकों की करीब 37 शाखाएं हैं। जानकारी के अनुसार, हड़ताल के कारण करीब पांच करोड़ का लेन देन व कारोबार प्रभावित हुआ। हड़ताली बैंक कर्मियों ने अपनी बैंक शाखा के बाहर प्रदर्शन करते हुए मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। शहर के चौक बाजार स्थित एसबीआई मुख्य शाखा के बाहर एसबीआई व अन्य बैंकों के कर्मी जमा हुए और यहीं से प्रदर्शन की शुरूआत की। इसके बाद सभी शहर स्थित विभिन्न बैंक शाखा जाकर प्रदर्शन किया। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ इंडिया, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया और केनरा बैंक समेत विभिन्न बैंकों के कर्मचारियों एवं अधिकारियों के बीच हड़ताल को लेकर एकजुटता देखने को मिली। मौके पर आलोक रंजन, अवधेश झा, राज कुमार पासवान, गणेश मुर्मू, संजीव कुमार, श्रवण कुमार, कमलेश कुमार, आशुतोष झा आदि मौजूद थे। उधर, बैंक ऑफ इंडिया के स्थानीय कर्मियों ने अपने बैंक शाखा में प्रदर्शन किया। मौके पर शाखा प्रबंधक पवन कुमार पवार, सह प्रबंधक रूस्तम अंसारी, अपूर्वा श्रीवास्तव, अभय कुमार,अखिलेश कुमार, शशि कुमार, राजेश कुमार सहित कई थे।

दो साल से मांग पूरा नहीं कर रही सरकार: यूएफबीयू

यूएफबीयू के अनुसार, पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग काफी पुरानी है। यूनियन का कहना है कि इस मुद्दे पर कई बार समझौते और बातचीत हो चुकी है, लेकिन अंतिम सरकारी मंजूरी अब तक नहीं मिल सकी है। यूनियन के हड़ताल नोटिस के अनुसार, 23 मई 2015 के समझौते एवं संयुक्त पत्र में सभी शनिवारों को अवकाश घोषित करने की दिशा में सहमति बनी थी। इसके बाद 11 नवंबर 2020 के समझौते में भी इस विषय पर चर्चा हुई। वहीं, 7 दिसंबर 2023 के समझौता ज्ञापन में सभी शनिवारों को बैंकिंग उद्योग के लिए अवकाश घोषित करने की सिफारिश की गई थी। इसके बाद 8 मार्च 2024 के 12वें द्विपक्षीय समझौते एवं संयुक्त पत्र में आवश्यक सरकारी मंजूरी के बाद इसे लागू करने की बात कही गई थी। यूनियन नेताओं का आरोप है कि इसके बावजूद अंतिम सरकारी मंजूरी में लगातार देरी हो रही है। बैंक यूनियनों के अनुसार, इस मुद्दे पर सरकार के स्तर पर कई दौर की बातचीत होने के बाद भी समाधान नहीं हो सका।

28 से तीन दिनी हड़ताल, फिर होगा बेमियादी आंदोलन

साहिबगंज। बैंक कर्मचारियों के आंदोलन को लेकर अब अगला चरण और बड़ा होने वाला है। यूएफबीयू के कार्यक्रम के अनुसार 28, 29 व 30 सितंबर को तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल होगी। इसके बाद भी मांगों का समाधान नहीं होने पर 26 अक्टूबर से बेमियादी हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गयी है। यूनियनों ने स्पष्ट किया है कि पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था समेत अन्य लंबित मांगों के समाधान तक आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से जारी रखा जाएगा।

प्रमुख मांग:

पांच दिन बैंकिग कार्य अवधि, पुरानी पेंशन योजना बहाल कराना, पीएलआई स्कीम को संतुलित बनाना, उपयुक्त संख्या में बैंकों में कर्मिया व पदाधिकारियों की नियुक्ति हो।

नोट: उपरोक्त खबरों को एकसाथ देना हैै।

सामान्य प्रश्न

✦बैंक हड़ताल कब हुई थी?−
बैंक हड़ताल शुक्रवार को हुई थी।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsराष्ट्रीयकृत बैंकों में रही हड़ताल, करोड़ों का कारोबार प्रभावित