राजभर बोले, अवैध इमारतों पर बुलडोजर तो चलेगा ही
लखनऊ, विशेष संवाददाता। रामपुर के जौहर विश्वविद्यालय पर हो रही कार्रवाई मामले में सुभासपा अध्यक्ष

लखनऊ, विशेष संवाददाता रामपुर के जौहर विश्वविद्यालय पर हो रही कार्रवाई मामले में सुभासपा अध्यक्ष व राज्य सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसा है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा है कि यह डबल इंजन की सरकार है। अवैध इमारतों पर बुलडोजर तो चलेगा ही। बेचैन मत होइए।
राजभर की सोशल मीडिया पर सक्रियता
राजभर बीते काफी वक्त से हर दिन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अखिलेश यादव पर तंज कसते रहते हैं। उन्होंने शनिवार को एक्स हैंडल से लिखा, जौहर विश्वविद्यालय पर कानून अपना काम कर रहा है तो उम्मीद है आप बेचैन जरूर होंगे। उन्होंने कहा कि जिस जौहर विश्वविद्यालय को आपकी सरकार में बनाया गया उसमें अरबों रुपये की जमीन किसकी थी? जमीन सरकार की थी और अवैध विश्वविद्यालय बनाया आजम खां ने। संसाधन सरकार का लगा और ट्रस्ट आजम खां का था। टैक्स हिंदुओं ने दिया और नौकरी आजम खां के रिश्तेदारों को मिली।
आजम खां और सैफई परिवार पर आरोप
उन्होंने कहा कि आजम खां और सैफई परिवार ने जो मिलकर किया है, उसपर किसी को भी शर्म आ जाए। अब कार्रवाई हो रही है तो बेचैनी क्यों बढ़ रही है? पश्चाताप के समय बेचैन नहीं हुआ जाता, आत्मग्लानि महसूस करनी चाहिए। पुरखे कह भी गए हैं, जैसी करनी, वैसी भरनी।


