कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन, आर-पार की लड़ाई का ऐलान
- पुरानी पेंशन बहाली की मांग को ले संकल्प दिवस आयोजित, बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की राज्य इकाई के आह्वान पर जिला इकाई की ओर से एक सितंबर मंगलवार को काला दिवस के रूप में याद करते हुए...

- पुरानी पेंशन बहाली की मांग को ले संकल्प दिवस आयोजित आरा, हमारे संवाददाता। बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की राज्य इकाई के आह्वान पर जिला इकाई की ओर से एक सितंबर मंगलवार को काला दिवस के रूप में याद करते हुए पुरानी पेंशन योजना की पुनर्बहाली की मांग की। साथ ही संकल्प दिवस आयोजित किया गया। महासंघ के जिलाध्यक्ष जुबैर आलम और जिला मंत्री विनोद यादव के नेतृत्व में सैकड़ों कर्मचारी बारिश के बीच विरोध प्रदर्शन कर सरकार विरोधी नारे लगाए। वहीं संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया। प्रदेश महामंत्री सुबेश सिंह ने कहा कि बिहार सरकार ने कर्मचारियों के बुढ़ापे का सहारा और सामाजिक सुरक्षा की गारंटी देने वाली पुरानी पेंशन व्यवस्था को समाप्त कर बाजार आधारित नई पेंशन योजना लागू कर दी।
बाद में यह व्यवस्था केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए कानून के दायरे में आ गई। तब से राज्य के कर्मचारी और शिक्षक प्रत्येक वर्ष एक सितंबर को काला दिवस के रूप में याद करते आ रहे हैं। सभा को जिला मंत्री विनोद यादव, जिला अध्यक्ष जुबैर आलम, सहायक जिला मंत्री कुंदन कुमार, राजीव रंजन, बब्लू जी, सुमन कुमारी, अरुण सिंह, रामाकांत सिन्हा, दीनानाथ सिंह सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया।


