आईटी शेयरों ने बाजार को संभाला
सोमवार को शेयर बाजार की शुरुआत कमजोर रही क्योंकि पश्चिम एशिया में तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई। हालांकि, आईटी कंपनियों में खरीदारी से बाजार ने नुकसान की भरपाई की। बीएसई का सेंसेक्स 47.01 अंक की मामूली वृद्धि के साथ 77,616.40 अंक पर बंद हुआ।

मुंबई, एजेंसी। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के कारण सोमवार को शेयर बाजार की शुरुआत कमजोर रही। हालांकि, दिन में आईटी कंपनियों के शेयरों में अच्छी खरीदारी आने से बाजार ने अधिकांश नुकसान की भरपाई कर ली और लगभग सपाट स्तर पर बंद हुआ। बीएसई का सेंसेक्स कारोबार की शुरुआत में 712 अंक तक टूट गया था, लेकिन बाद में इसमें सुधार आया और अंत में 47.01 अंक (0.06%) की मामूली बढ़त के साथ 77,616.40 अंक पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई का निफ्टी भी 4.10 अंक (0.02%) की हल्की बढ़त के साथ 24,211 अंक पर बंद हुआ।
निफ्टी में लगातार तीसरे कारोबारी दिन तेजी रही। विश्लेषकों के अनुसार, अमेरिका-ईरान तनाव बढ़ने और होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर चिंता के कारण निवेशकों ने शुरुआत में बिकवाली की। इससे कच्चे तेल की कीमतें बढ़ीं, जिसका असर बाजार पर भी दिखा। हालांकि, बाद में आईटी शेयरों में खरीदारी से बाजार को सहारा मिला।सेंसेक्स की कंपनियों में टीसीएस सबसे ज्यादा 5.43 फीसदी चढ़ा। इसके अलावा एचसीएल टेक में 5.02 फीसदी, टेक महिंद्रा में 3.34 फीसदी, इन्फोसिस में 3.17 फीसदी, एनटीपीसी में 2.18 फीसदी और कोटक महिंद्रा बैंक में 1.83 फीसदी की तेजी रही।


