ओडिशा में निवेशकों के अनुकूल बनाई गई नीति
ओडिशा की उप मुख्यमंत्री प्रवती परिदा ने कहा कि राज्य में निवेश को बढ़ावा देने के लिए निवेशकों के अनुकूल नीति बनाई गई है। ओडिशा परब के दौरान, उन्होंने कहा कि सिंगल विंडो सिस्टम से निवेशकों को उद्योग लगाने में सहूलियत होगी। यह कार्यक्रम उड़िया समाज के पेशेवरों और उद्यमियों को एक साथ लाया।

वाराणसी। ओडिशा की उप मुख्यमंत्री प्रवती परिदा ने कहा कि राज्य में निवेश को बढ़ावा देने के लिए निवेशकों के अनुकूल नीति बनाई गई है। जमीन की उपलब्धता से बिजली, पानी, विभिन्न विभागों की एनओसी के लिए निवेशकों को भटकना नहीं होगा। रविवार को बड़ालालपुर स्थित दीनदयाल हस्तकला संकुल में आयोजित ओडिशा परब के दूसरे दिन निवेश पर आधारित सत्र में उन्होंने यह बात कही। उन्होंने कहा कि ओडिशा में सिंगल विंडो सिस्टम के कारण निवेशकों को उद्योग लगाने में कठिनाई नहीं होगी। आडिशा प्रवासी सम्मेलन में प्रवती परिदा ने कहा कि काशी में बड़ी संख्या में उड़िया मूल के लोग रहते हैं। ओडिशा परब उड़िया समाज के पेशेवरों, शिक्षाविदों और उद्यमियों को एक साथ मंच पर लेकर आया है। इस अवसर पर पद्मश्री श्रीभास चंद्र सुपाकर, वाराणसी उड़िया समाज के अध्यक्ष प्रो.गोपबंधु मिश्र, फिक्की यूपी पर्यटन समिति के अध्यक्ष प्रतीक हीरा को सम्मानित किया गया। यूपी के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि ओडिशा परब दोनों राज्यों के बीच सांस्कृतिक, पर्यटन और आर्थिक संबंधों को और अधिक सशक्त बना रहा है。
पर्यटन स्थलों पर फोकस
15 पर्यटक स्थलों पर फोकस किया गया। इनमें पुरी, कोणार्क, रत्नागिरि, उदयगिरि, ललितगिरि, हीराकुंड, चिल्का, भितरकणिका, सिमलीपाल, नंदनकानन आदि हैं।
विशेष खाद्य उत्पाद
पं.दीनदयाल उपाध्याय हस्तकला संकुल में ओडिशा के विशेष खाद्य उत्पादों के स्टॉलों पर भीड़ हो रही है। मक्के और रागी के लड्डू, रागी से बनी नमकीन, 6.57 प्रतिशत करक्यूमिन वाली हल्दी, गुड़, मक्के का आटा, पाखल भात (दही और चावल का मिश्रण), देशी घी में बना खाजा, पोहा और नारियल के मिश्रण से बने लड्डू, आलू दम ग्राहकों को खास पसंद आ रहे हैं। इसके अलावा जूट के हैंडबैग, ढोकरा कला के उत्पाद, भोजपत्रों पर भगवान जगन्नाथ की चित्रकारी, सूती और सिल्क साड़ियां, पीतल से बने उत्पाद भी लुभा रहे हैं।


