सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में आठ अक्तूबर तक मनाया जाएगा पोषण माह
पलामू जिले में 9 सितंबर से पोषण माह की शुरुआत की गई है, जो 8 अक्टूबर तक चलेगा। जिले के 2,629 आंगनबाड़ी केंद्रों पर 1,57,140 बच्चों के लिए पोषण संबंधी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान में आहार विविधता और पोषण जागरूकता पर जोर दिया जा रहा है।

मेदिनीनगर, प्रतिनिधि। पलामू जिला समाज कल्याण विभाग की ओर से पोषण अभियान के तहत पलामू में 9 सितंबर से पोषण माह की शुरुआत की गई है। अभियान 8 अक्तूबर तक चलेगा। जिले की 14 परियोजनाओं के अंतर्गत संचालित 2,629 आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां कराई जा रही हैं। इन केंद्रों में शून्य से छह वर्ष तक के 1,57,140 बच्चे नामांकित हैं। पोषण माह के लिए विभाग की ओर से गतिविधियों का कैलेंडर जारी किया गया है। इसी के अनुरूप सभी केंद्रों पर कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। पोषण अभियान के जिला समन्वयक अनूप कुमार शर्मा ने बताया कि इस वर्ष आहार विविधता, पर्याप्त प्रोटीन, स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों के उपयोग, पोषण वाटिका की उपज तथा ताजा और विधिवत गर्म पका हुआ भोजन उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि साप्ताहिक मेन्यू रोटेशन, मेन्यू बोर्ड का प्रदर्शन तथा बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा भी अभियान के प्रमुख हिस्से हैं। शुक्रवार को आंगनबाड़ी केंद्रों पर अभिभावकों के साथ मेरी पोषण थाली, स्थानीय खाद्य पदार्थों से तैयार थाली और प्रोटीनयुक्त खाद्य पदार्थों की थाली का प्रदर्शन किया गया। उन्होंने बताया कि सेविकाओं को गतिविधियों की तस्वीरें पोषण अभियान के डैशबोर्ड पर अपलोड करनी हैं। अभियान के दौरान समुदाय के लोगों को भी पोषण के प्रति जागरूक किया जाएगा। केंद्रों पर चल रही गतिविधियों की निगरानी पर्यवेक्षिकाओं और संबंधित कर्मी कर रहे हैं।


