पोषण रंगोली से दिया स्वास्थ्य अनुकूल आहार का संदेश
राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र छतौना में पोषण जागरूकता कार्यक्रम हुआ। सीडीपीओ गुंजन मौली ने उद्घाटन किया। सेविकाओं ने रंगोली बना कर पोषण मेला आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य पोषण और बाल विकास गतिविधियों को बढ़ावा देना था, साथ ही माताओं और बच्चों की पोषण संबंधी शिक्षा दी गई।

नावकोठी, निज संवाददाता। राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आंगनबाड़ी केंद्र छतौना में पोषण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सीडीपीओ गुंजन मौली ने किया। एलएस शालिनी कुमारी, पूनम कुमारी, सुनीता कुमारी एवं कुमारी कृष्णा की देखरेख में सेविकाओं ने फल, अनाज, सब्जियों एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों से आकर्षक रंगोली बनाकर पोषण मेला लगाया। सीडीपीओ ने कहा कि राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ के संकल्प के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों को पोषण एवं बाल विकास गतिविधियों का प्रभावी केंद्र बनाने पर जोर दिया जा रहा है। लोगों को आहार में विविधता, पर्याप्त प्रोटीन तथा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध ताजे एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करने के लिए जागरूक किया गया।
उन्होंने कहा कि बच्चों के समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए पोषण के साथ प्रारंभिक उद्दीपन जरूरी है। गर्भवती एवं धात्री माताओं के पोषण को लेकर भी समुदाय को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में सामुदायिक सहभागिता, स्वामित्व एवं जवाबदेही बढ़ाने पर बल दिया गया। मौके पर सेविका भवानी कुमारी, मीना, शांति, पिंकू, रंजू, मधुरानी, शोभा सहित सहायिका मौजूद थीं।


