आत्महत्या के लिए उकसाने में नर्सिंग ऑफिसर गिरफ्तार
नर्स खुदकुशी लखनऊ, संवाददाता। पीजीआई इलाके में नौ जुलाई को गोण्डा की महिला नर्स

नर्स खुदकुशी लखनऊ, संवाददाता।
पीजीआई इलाके में नौ जुलाई को गोण्डा की महिला नर्स प्रतिभा मिश्रा के खुदकुशी के मामले में पुलिस ने पीजीआई के नर्सिंग ऑफिसर विकास त्रिपाठी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मृतका की मां सुधा की तहरीर पर 24 जुलाई को पीजीआई थाने में आत्महत्या के उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ था।
गिरफ्तारी की जानकारी
गोण्डा तरबगंज के रामापुर गांव निवासी राम प्रसाद मिश्रा की बेटी प्रतिभा मिश्रा पीएचसी कजेमऊ में संविदा नर्स थीं। परिजनों के अनुसार आठ जुलाई को वह वृंदावन योजना के गोवर्धन एन्क्लेव में रहने वाले विकास के फ्लैट पर गई थी। अगले दिन नौ जुलाई को फ्लैट में उनका शव दुपट्टे के फंदे से लटका मिला था।
पुलिस की विवेचना
पुलिस के मुताबिक विवेचना के दौरान नामजद आरोपी विकास को शुक्रवार को मोहनलालगंज स्थित डीएलएफ गार्डन सिटी से गिरफ्तार किया गया। विकास मूल रूप से इटावा जिले के बकेवर थाना क्षेत्र की विद्या विहार कॉलोनी का रहने वाला है।
आरोपी की पूछताछ
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके और प्रतिभा मिश्रा के बीच शादी को लेकर कहासुनी होती थी। घटना वाले दिन प्रतिभा उसके फ्लैट में मौजूद थी। वह ड्यूटी पर गया था। पीजीआई इंस्पेक्टर सुनील सिंह ने बताया कि पूछताछ में विकास ने कहा कि वह प्रतिभा से शादी करना चाहता था, लेकिन उसकी इच्छा थी कि प्रतिभा की सरकारी नौकरी लगने के बाद ही विवाह हो। वहीं, प्रतिभा जल्द शादी करने की जिद कर रही थीं।


