बोकारो में पहली बार होगी राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता, 900 खिलाड़ी लेंगे भाग
झारखंड तीरंदाजी संघ के नेतृत्व में द्वितीय एनटीपीसी नेशनल तीरंदाजी प्रतियोगिता-2026 का आयोजन बोकारो में किया जाएगा। यह प्रतियोगिता 19 से 26 अगस्त तक मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम में होगी, जिसमें लगभग 900 बालक और बालिका तीरंदाज शामिल होंगे। दीपिका कुमारी ने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवा खिलाड़ियों को सीखने का बड़ा अवसर मिलता है।

बोकारो, प्रतिनिधि। झारखंड तीरंदाजी संघ के मार्गदर्शन में द्वितीय एनटीपीसी नेशनल तीरंदाजी प्रतियोगिता-2026 के सफल आयोजन की जिम्मेदारी बोकारो जिला तीरंदाजी संघ को सौंपी गई है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 19 से 26 अगस्त तक सेक्टर-4 स्थित मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम में आयोजित होगी। प्रतियोगिता में देशभर के करीब 900 बालक एवं बालिका तीरंदाज हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने बोकारो पहुंचीं अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज दीपिका कुमारी ने सोमवार को सेल डे बोर्डिंग सेंटर में अभ्यास के दौरान कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता के लिए सही कोच का मार्गदर्शन बेहद महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को सीखने और आगे बढ़ने का बड़ा अवसर प्रदान करती हैं।
बोकारो में पहली बार इस स्तर की राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इससे पहले वर्ष 2010 में यहां राज्यस्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता आयोजित हुई थी। दीपिका ने कहा कि बोकारो और चंदनकियारी क्षेत्र ने कई प्रतिभाशाली तीरंदाज दिए हैं। चंदनकियारी के गोल्डी मिश्रा ने भी राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक हासिल किया है। आठ दिवसीय प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि होंगे। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा प्रतियोगिता के संरक्षक तथा पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो आयोजन सचिव की भूमिका निभाएंगे। प्रतियोगिता तीन वर्गों सीनियर, जूनियर और सब जूनियर में आयोजित होगी। सीनियर वर्ग की प्रतियोगिता 19 एवं 20 अगस्त, जूनियर वर्ग की 22 एवं 23 अगस्त तथा सब जूनियर वर्ग की 25 एवं 26 अगस्त को होगी। रिकर्व और कम्पाउंड श्रेणियों में देश के शीर्ष तीरंदाज अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन को लेकर जिले के खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।


