एसएसपी कार्यालय पहुंची एनएसयूआई, पुलिस को मिठाई खिलाकर जताया विरोध
देहरादून में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने छात्रसंघ चुनाव में प्रशासन और पुलिस की भूमिका के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने एसएसपी कार्यालय पर मिठाई खिलाकर ‘आभार’ जताया। आरोप लगाया गया कि प्रशासन ने एबीवीपी को फायदा पहुँचाया है। संगठन ने निष्पक्ष जांच और चुनाव प्रक्रिया की समीक्षा की मांग की।
देहरादून। डीएवी पीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में प्रशासन और पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने सोमवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर अनोखे अंदाज में विरोध जताया। एसएसपी की गैरमौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने कार्यालय में मौजूद पुलिसकर्मियों को मिठाई खिलाकर प्रतीकात्मक रूप से ‘आभार और सम्मान’ जताया। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान प्रशासन और पुलिस की भूमिका से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) को लाभ मिला और उसके प्रत्याशी को फायदा पहुंचाने का प्रयास किया गया। संगठन ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच और चुनाव प्रक्रिया की समीक्षा की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा है।
चुनाव प्रक्रिया में किसी भी तरह का पक्षपात स्वीकार नहीं किया जाएगा। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश सचिव विनीत प्रसाद भट्ट, नगर निगम पार्षद रोबिन त्यागी, आयुष गुप्ता, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, युवा कांग्रेस जिलाउपाध्यक्ष प्रियांशु गौड़, छात्रनेता सौरभ सेमवाल समेत अन्य एनएसयूआई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

