एनएसयूआई का राजीव चौक पर प्रदर्शन, विनोद जाखड़ समेत कई कार्यकर्ता हिरासत में
संगठन की कार्यकर्ता ने पुलिस पर मारपीट का लगाया आरोप नई दिल्ली। प्रमुख

संगठन की कार्यकर्ता ने पुलिस पर मारपीट का लगाया आरोप नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता
राजीव चौक पर एनएसयूआई का प्रदर्शन
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने मंगलवार को कनॉट प्लेस स्थित राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर सात पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने किया। पुलिस ने जाखड़ समेत कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। वहीं, एनएसयूआई ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक महिला कार्यकर्ता का वीडियो साझा किया, जिसमें उसने पुलिस पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।
चुनावी पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग
प्रदर्शनकारियों ने चुनावी अनियमितताओं और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर निर्वाचन आयोग की जवाबदेही तय करने और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। अचानक हुए प्रदर्शन के मद्देनजर इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों के अनुसार, पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कई लोगों को हिरासत में लिया।
एनएसयूआई के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रवि पांडे ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे तक कथित वोट चोरी के खिलाफ संगठन की लड़ाई जारी रहेगी। संगठन ने आरोप लगाया कि चुनावी पारदर्शिता से जुड़े सवालों पर जवाब मांगे जाने चाहिए।
आंदोलन जारी रखने की एनएसयूआई की घोषणा
वहीं, विनोद जाखड़ ने कहा कि छात्र कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर चुनावी पारदर्शिता से जुड़े सवालों को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन को रोकने के बजाय सरकार को उठाए गए सवालों का जवाब देना चाहिए। संगठन ने स्पष्ट किया कि वह कथित वोट चोरी के मुद्दे पर अपना आंदोलन लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से जारी रखेगा।
एनएसयूआई ने प्रदर्शन के जरिए निर्वाचन आयोग से चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों पर जवाब देने और अपनी जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।

