संवाद कार्यक्रम को लेकर कांग्रेसियों ने की चर्चा
चाईबासा के टाटा कॉलेज कैंपस में एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अनीस गोप की अध्यक्षता में राहुल गांधी द्वारा छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम पर चर्चा हुई। इसके तहत विभिन्न छात्र संगठनों के संयोजन के लिए कोऑर्डिनेशन कमेटी का गठन किया गया, जिसमें पीपुन बारीक मुख्य संयोजक बने।

चाईबासा। टाटा कॉलेज कैंपस में एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अनीस गोप की अध्यक्षता में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा देशभर के छात्रों के साथ की जा रही संवाद कार्यक्रम को लेकर चर्चा की गई। मौके पर विभिन्न छात्र संगठनों का संयोजन करने के लिए कोऑर्डिनेशन कमेटी का गठन किया गया है। इसमें पीपुन बारीक को मुख्य संयोजक बनाया गया है। मुख्य संयोजक को आवश्यकता अनुसार कोऑर्डिनेशन कमेटी का विस्तार करने को कहा गया है। संरक्षक दीनबंधु बाईपाई और सुरेश सवैया होंगे। इस दौरान आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयक दीनबंधु बोयपाई ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पेपर लीक मामले को लेकर सदन के अंदर और बाहर छात्रों के साथ मुखर होकर खड़े हैं।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस मीडिया एवं कम्युनिकेशन विभाग के सदस्य सह पूर्व जिलाध्यक्ष सन्नी सिंकू ने कहा कि छात्र-छात्राओं को राहुल गांधी द्वारा चलाई जा रही अभियान से जुड़कर अपनी आवाज को बुलंद करने की आवश्यकता है। कांग्रेस एससी सेल के कोल्हान प्रभारी सूरज मुखी ने कहा कि देश के अंदर मनुवादी विचारधारा के लोग शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर नीट पेपर लीक जैसे मामलों को बढ़ावा दे रहे हैं।


