एनएसएस शिविर में स्वच्छता और रक्तदान के प्रति किया जागरूक
राजकीय इंटर कॉलेज काफलीगैर में राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर एनएसएस द्वारा एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों को समाज सेवा, स्वच्छता और रक्तदान के प्रति जागरूक किया गया। भाषण और चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन भी हुआ। एनएसएस समन्वयक ने रक्तदान महत्ता पर जोर दिया।

काफलीगैर। राजकीय इंटर कॉलेज काफलीगैर में राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर एनएसएस का एक दिवसीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विद्यार्थियों को समाजसेवा, स्वच्छता और स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक किया गया। शिविर की शुरुआत स्वच्छता अभियान से हुई। स्वयंसेवकों ने श्रमदान कर विद्यालय परिसर की सफाई की और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद भाषण और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। भाषण प्रतियोगिता में कृष्णा जोशी प्रथम, गुंजन बिष्ट द्वितीय और प्रीति भट्ट तृतीय रहीं। चित्रकला में साक्षी रौतेला प्रथम, आदित्य लाल द्वितीय और सुजल कुमार तृतीय रहे।एनएसएस के जनपद एवं कुमाऊं मंडल समन्वयक राजीव निगम ने कहा कि रक्तदान जरूरतमंद को नया जीवन देने का माध्यम है।
उन्होंने युवाओं से रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियां दूर कर स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया। एनसीसी प्रभारी संजय सिंह जनौटी और शिक्षक कैलाश कुमार मेहता ने विद्यार्थियों को अनुशासन, सेवा भावना और नियमित स्वास्थ्य देखभाल के महत्व की जानकारी दी। संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डौली जोशी ने किया।

