एनएसईएल मामले में निवेशकों को मिलेंगे 1,950 करोड़
एनएसईएल धनशोधन मामले में मुंबई की विशेष पीएमएलए अदालत ने ईडी द्वारा जब्त 3,464 करोड़ रुपये की संपत्तियां बेचने की अनुमति दी है। बिक्री से 5,682 चिह्नित निवेशकों को 1,950 करोड़ रुपये का एकमुश्त भुगतान किया जाएगा। एनसीएलटी की मंजूर योजना के तहत लेनदारों को उनके सत्यापित दावों का कम से कम लगभग 42 प्रतिशत मिलने का आश्वासन है। मामले में करीब 13,000 निवेशक प्रभावित हुए थे।

नई दिल्ली, एजेंसी। नेशनल स्पॉट एक्सचेंज लिमिटेड (एनएसईएल) से जुड़े धनशोधन मामले में मुंबई की विशेष पीएमएलए अदालत ने ईडी द्वारा जब्त 3,464 करोड़ रुपये की संपत्ति को बेचने की इजाजत दे दी है। इस बिक्री से 5,682 चिह्नित निवेशकों को 1,950 करोड़ रुपये का एकमुश्त भुगतान किया जाएगा। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। केंद्रीय एजेंसी के अनुसार, शेष संपत्तियों के संबंध में फैसला विशेष अदालत बाद में करेगी। ईडी का मामला मुंबई पुलिस के एमआरए मार्ग थाने में वर्ष 2013 में दर्ज प्राथमिकी पर आधारित है। आरोपों के अनुसार, वास्तविक माल का भंडार मौजूद न होने के बावजूद जिंसों में कारोबार किया गया।
इसके परिणामस्वरूप भुगतान में चूक हुई, जिससे करीब 13,000 निवेशक प्रभावित हुए और 5,600 करोड़ रुपये की बकाया राशि रह गई। एजेंसी ने 2015 में धनशोधन का मामला दर्ज करने के बाद से कुल 3,464 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क की हैं। नवंबर 2025 में राष्ट्रीय कंपनी विधि अधिकरण (एनसीएलटी) की मुंबई पीठ ने कंपनी अधिनियम के तहत एक समझौता योजना को मंजूरी दी थी। इसके तहत 1,950 करोड़ रुपये के एकमुश्त निपटान का प्रावधान है। ईडी के अनुसार, 92 प्रतिशत से अधिक लेनदारों ने इस योजना को मंजूरी दी थी। इसके तहत प्रत्येक लेनदार को उसके सत्यापित दावे की कम से कम लगभग 42 प्रतिशत राशि वापस मिलने का आश्वासन दिया गया है।


