तैयारी : एनएसई ऐप के जरिए सीधे ई-गोल्ड खरीद-बेच सकेंगे
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) 15 अक्टूबर से आम निवेशकों के लिए इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रसीद (ईजीआर) खरीदने और बेचने की सुविधा प्रदान करेगा। इसकी योजना छोटे निवेशकों के लिए सोने के विभिन्न मूल्यवर्ग पेश करने और भौतिक सोने को डीमैट में बदलने के नए विकल्प शुरू करने की है।

नई दिल्ली, एजेंसी। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रसीद (ईजीआर) को आम निवेशकों के बीच लोकप्रिय बनाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए एनएसई 15 अक्टूबर से खुदरा ट्रेडरों और निवेशकों को अपने ऐप के जरिए भी ईजीआर खरीदने और बेचने की सुविधा देने जा रहा है। इसका मकसद ईजीआर को आम और छोटे निवेशकों तक पहुंचाना तथा इस बाजार में कारोबार बढ़ाना है। गौरतलब है कि एनएसई ने मई में ईजीआर श्रेणी शुरू की थी लेकिन इसमें अब तक कारोबार काफी कम रहा है। सितंबर में ईजीआर का रोजाना कारोबार करीब 1-2 करोड़ रुपये और प्रतिदिन सौदों की संख्या करीब 50 रही। ईजीआर की खरीद-बिक्री कई स्टॉक ब्रोकर के ऐप पर करना भी निर्धारित हुई थी लेकिन यह सुविधा अब तक शुरू नहीं हुई है। इसे देखते हुए एनएसई अपने ऐप पर यह सहूलियत शुरू करने जा रहा है。
150 रुपये में खरीद सकेंगे असल सोना
ईजीआर को छोटे निवेशकों के लिए अधिक सुलभ बनाने के लिए एनएसई छह मूल्यवर्ग पेश करने की योजना बना रहा है। इनमें 10 मिलीग्राम, 100 मिलीग्राम, 1 ग्राम, 10 ग्राम, 100 ग्राम और 1 किलोग्राम के ई-गोल्ड शामिल होंगे। एनएसई की मुताबिक, ये ईजीआर 995 और 999 शुद्धता वाले सोने में उपलब्ध हैं। यानी छोटे निवेशक 10 मिलीग्राम जैसे छोटे मूल्यवर्ग से भी सोने में निवेश शुरू कर सकते हैं। अगर 24 कैरेट सोने का भाव ₹15,000 प्रति ग्राम है तो 10 मिलीग्राम सोने का मूल्य करीब ₹150 होगा। वास्तविक कीमत सोने के बाजार भाव और लागू शुल्क के अनुसार बदल सकती है।
क्या है इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रसीद
एनएसई के मुताबिक, इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रसीद दरअसल भौतिक सोने का डिजिटल रूप है। यानी हर इलेक्ट्रॉनिक रसीद खरीदने पर उतना ही मात्रा में असली सोना मान्यता प्राप्त तिजोरी (डिपॉजिटरी सिस्टम) में सुरक्षित रखा जाता है। उसके बदले निवेशक को इलेक्ट्रॉनिक रूप में रसीद मिलती है, जिसमें पूरा ब्योरा होता है। निवेशक चाहे तो इसे शेयर की तरह एक्सचेंज पर खरीद और बेच सकता है। साथ ही जरूरत पड़ने पर इसे असली सोने में भी बदल सकता है।
ऐसे होती है खरीद-बिक्री
इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रसीद की खरीद-बिक्री के लिए निवेशक के पास डीमैट खाता होना जरूरी है। शेयरों की तरह ही एक्सचेंज पर किसी खास समय पर सोने की कीमत दिखेगी। अगर निवेशक अपनी मर्जी से उसकी खरीद-बिक्री कर सकते हैं। खरीदा सोना डीमैट खाते में जमा किया जाएगा। इसकी इलेक्ट्रॉनिक रसीद जारी की जाएगी।
ऐसे समझें
यदि किसी निवेशक ने आज 50 ग्राम सोना खरीदा है और तीन महीने बाद इसकी कीमत बढ़ती है तो उसे बेचने के लिए उसे सिर्फ सेल का बटन दबाना होगा। सोने की तात्कालिक कीमत के हिसाब से रकम आपके खाते में आ जाएगी।
दो घंटे में भौतिक सोने को डीमैट में बदल सकेंगे
इसी के साथ एनएसई 15 अक्टूबर से एक पायलट प्रोजेक्ट शुरू करेगा, जिसके तहत निवेशक अधिकृत संग्रह केंद्रों पर भौतिक सोना जमा कर उसे इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रसीद में बदल सकेंगे। सोने की शुद्धता और वजन की जांच पूरी होने के बाद ईजीआर यूनिट कुछ ही घंटों में निवेशक के डीमैट खाते में दिखाई देंगी। शुरुआती चरण में करीब 50 से 100 अतिरिक्त संग्रह केंद्रों को इस व्यवस्था से जोड़ा जा सकता है। इसके बाद अगले एक साल में अधिकृत संग्रह केंद्रों का नेटवर्क बढ़ाकर 1,000 से अधिक करने की है। ये केंद्र देश के अलग-अलग शहरों में स्थापित किए जाएंगे।
रिफाइनर और तिजोरी प्रबंधकों के साथ करेगा समझौता
ईजीआर व्यवस्था को विस्तार देने के लिए एनएसई रिफाइनरों, गुणवत्ता परखने वाली एजेंसियों, तिजोरी प्रबंधकों और डिपॉजिटरी के साथ समझौते करेगा। इसका उद्देश्य भौतिक सोना जमा होने से लेकर ईजीआर बनने और उसके डीमैट खाते में पहुंचने तक पूरी प्रक्रिया को सुचारू बनाना है। एक्सचेंज के लिए यह भी जरूरी होगा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में पर्याप्त संग्रह केंद्र उपलब्ध हों, ताकि निवेशकों और बुलियन कारोबारियों के लिए भौतिक सोने को ईजीआर में बदलना आसान हो सके।

