ज्ञान की ताकत से कुछ भी हासिल करना संभव : एलिन स्टेनर
नॉर्वे की राजदूत एलिन स्टेनर ने सिहाली जागीर में बच्चों के लिए 'नॉलेज लाइट हाउस' पुस्तकालय का उद्घाटन किया। उन्होंने शिक्षा की शक्ति पर जोर दिया और कहा कि यह पुस्तकालय बच्चों के भविष्य को संवारने में मदद करेगा। न्यायाधीश प्रियदर्शिनी ने भी बच्चों को किताबों के महत्व के बारे में प्रेरित किया।

नॉर्वे की राजदूत एलिन स्टेनर ने शुक्रवार को क्षेत्र के गांव सिहाली जागीर में जरिया ट्रस्ट की ओर से बच्चों के लिए निशुल्क 'नॉलेज लाइट हाउस' पुस्तकालय का शुभारंभ किया। इस मौके पर आयोजित सभा में उन्होंने कहा कि पढ़ने के लिए लाइब्रेरी से बेहतर कोई जगह नहीं हो सकती। ज्ञान की ताकत से हम कुछ भी हासिल कर सकते हैं। बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नॉर्वे और भारत, दोनों ही देशों में शिक्षा की मजबूत नींव है, जहां हर उम्र के लोग साथ बैठकर पढ़ते हैं और समाज को सशक्त बनाने के लिए विचार साझा करते हैं।
उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में इस अनूठी लाइब्रेरी की सोच की सराहना करते हुए कहा कि यहां हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं की उत्कृष्ट किताबें मौजूद हैं, जो बच्चों के भविष्य को संवारेंगी।इस दौरान दिल्ली से आईं न्यायाधीश प्रियदर्शिनी ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि किताबें हमें दुनिया को देखने और समझने का एक नया नजरिया देती हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि छात्रों को किसी भी विशिष्ट विषय की पुस्तक की आवश्यकता होगी, तो वह उसे यहां उपलब्ध कराएंगी।


